5 नवंबर को करनाल में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा में शामिल होंगे अमित शाह अर्चना गुप्ता

करनाल, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। हरियाणा भाजपा अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 5 नवंबर को करनाल में आयोजित होने वाली 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा में शामिल होंगे। उन्होंने कांग्रेस की 1 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित रैली पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वोट चोरी के आरोप लगाने वाली कांग्रेस का इतिहास लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का रहा है।
अर्चना गुप्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है, जबकि भाजपा लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया के तथ्यों को जनता तक पहुंचाने के लिए राज्यभर में अभियान चला रही है।
अर्चना गुप्ता ने कहा कि 'लोकतंत्र बचाओ और अराजकता हटाओ' विषय को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हर भारतीय और हर हरियाणवी के पास जाने वाले हैं। जिस तरीके से राहुल गांधी हों, इंडिया गठबंधन हो या कांग्रेस और सीजेपी के लोग हों, हर रोज एक झूठ लेकर लोगों के बीच में जा रहे हैं और भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। चाहे वोटर सूची का विषय हो या एसआईआर का विषय हो, जबकि एसआईआर पूरे भारत में अब बारहवीं बार हो रहा है। इसमें से दस बार कांग्रेस के शासनकाल में हुआ है।
उन्होंने कहा कि आज 13 करोड़ के करीब वोट ड्राफ्ट वोटर सूची से काटे गए हैं, जिनमें से 3 करोड़ लोगों की मृत्यु हो चुकी है, 6 करोड़ लोग स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके हैं। 1 करोड़ लोगों की डुप्लीकेट वोट बनी हुई थी और 3 करोड़ लोग तीन बार घर जाने के बाद भी अनट्रेसेबल हैं। ऐसी परिस्थिति में जब ड्राफ्ट वोटर रोल केवल बनाया गया है और अगर किसी की भी 0.01 प्रतिशत संभावना है कि उसकी वोट कट गया है तो वह फॉर्म-6 भरकर अपनी वोट दोबारा बनवा सकता है।
हरियाणा भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इतने पारदर्शी तरीके से काम करने के बाद भी आज कांग्रेस पूरे भारत में अराजकता फैलाने का काम कर रही है और अस्थिरता पैदा करने का प्रयास कर रही है। वे सोच रहे हैं कि भारत को बांग्लादेश, नेपाल या श्रीलंका जैसा बना देंगे, लेकिन जनता उनके इन मंसूबों को कभी कामयाब नहीं होने देगी। जो तथ्य हैं और जो सच है, उसे लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे। इसी कड़ी में हर जिले और हर लोकसभा क्षेत्र में पदयात्राएं होंगी। करनाल लोकसभा पदयात्रा में गृह मंत्री अमित शाह भी उपस्थित होंगे।
उन्होंने बताया कि 5 नवंबर को एक बड़ी पदयात्रा आयोजित होगी। सुबह 10 बजे गृह मंत्री जी इसमें शामिल होंगे। फिलहाल सेक्टर-12 के मार्केट ग्राउंड से महात्मा गांधी जी की प्रतिमा तक पदयात्रा का प्रस्ताव है, लेकिन हम जाकर मार्ग का निरीक्षण करेंगे।
अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस आज सत्ता से बाहर हो चुकी है और जिस भी प्रदेश में चुनाव लड़ रही है, वहां उसका सूपड़ा साफ हो रहा है। लोगों ने कांग्रेस को नकार दिया है लेकिन नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी होती है कि वह सही और तथ्य आधारित मुद्दे उठाए। नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी यह नहीं होती कि जब भी विदेश जाएं तो भारतीय जनता पार्टी की आलोचना करते-करते भारत की ही आलोचना शुरू कर दें। भाजपा का अपमान करते-करते देश का अपमान करना शुरू कर दें।
उन्होंने कहा कि आज नेता प्रतिपक्ष की यह भी जिम्मेदारी है कि देश की एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखें। राजनीतिक पार्टियां आती-जाती रहेंगी, लेकिन राष्ट्र सर्वोपरि रहेगा। इसी भावना के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी पिछले 12 वर्षों से लगातार काम कर रहे हैं, लेकिन विपक्ष के लिए सत्ता प्राथमिकता है, राष्ट्र प्राथमिकता नहीं है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
