आम आदमी पार्टी में बढ़ी खींचतान राघव चड्ढा पर बोले मंत्री हरपाल सिंह चीमा- 'फिल्मी डायलॉग से नहीं चलता पंजाब'
चंडीगढ़, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब सरकार में मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने राज्य के मुद्दों पर राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के वीडियो पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब फिल्मी डायलॉग से नहीं चलता है, बल्कि मुद्दों के आधार पर चलता है। राजनीति काम करने से होती है।
मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने रविवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "पंजाब के लोगों की सेवा के लिए बड़ा दिल चाहिए और चौबीसों घंटे काम करना चाहिए, तब पंजाब के मुद्दों पर बात की जा सकती है। कुछ लोग (राघव चड्ढा) फिल्मी डायलॉग के जरिए अपनी राजनीति करना चाहते हैं।"
चीमा ने यह भी कहा कि उन्होंने (राघव चड्ढा) पंजाब के महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात नहीं उठाई। बाढ़ के समय वे इस पर नहीं बोले। पंजाब सरकार का कितना पैसा केंद्र ने रोक रखा है, इस पर कभी नहीं बोले। भारत-पाकिस्तान तनाव के कारण पंजाब के सीमाई क्षेत्रों का बड़ा नुकसान हुआ था, वे इस मुद्दे पर भी नहीं बोले।
हरपाल सिंह चीमा ने आगे कहा, "यह राज्य के बड़े मुद्दे हैं, जो पंजाब की अर्थव्यवस्था को भी प्रभावित करते हैं। उन्होंने बहुत साधारण से मुद्दों पर सदन में बोला, लेकिन उनसे काम नहीं चल सकता है।"
इससे पहले, राघव चड्ढा ने अपनी पार्टी के नेताओं को पंजाब के मुद्दों पर चुप्पी साधने के आरोपों पर एक वीडियो के जरिए जवाब दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट के जरिए कहा कि 'पिक्चर अभी बाकी है' और पंजाब के मुद्दों को उठाने को लेकर उनकी प्रतिबद्धता पर सवाल उठाना गलत है।
राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर राज्यसभा का एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वे पंजाब से जुड़े मुद्दों को उठाते नजर आ रहे हैं। इस पोस्ट में उन्होंने पार्टी के उन सहयोगियों पर निशाना साधा, जिन्होंने उन पर संसद में पंजाब के मुद्दे न उठाने का आरोप लगाया था।
उन्होंने लिखा, "मेरे 'आप' के साथियों के लिए, जिन्हें यह कहने के लिए मजबूर किया गया कि राघव चड्ढा ने पंजाब के मुद्दे नहीं उठाए, यह एक छोटा सा ट्रेलर है। पिक्चर अभी बाकी है। पंजाब मेरे लिए सिर्फ एक मुद्दा नहीं, मेरा घर, मेरी जिम्मेदारी, मेरी मिट्टी और मेरी आत्मा है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 April 2026 1:47 PM IST












