आप के राज्यसभा सांसदों के इस्तीफे से सियासत गरमाई, भाजपा बोली- आत्मचिंतन करे पार्टी
नई दिल्ली, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसदों के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा नेताओं ने कहा कि आम आदमी पार्टी को आत्मचिंतन की जरूरत है।
दरअसल, शुक्रवार को आप सांसदों राघव चड्डा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने की घोषणा की।
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने आप पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी की कथित महिला-विरोधी नीतियां, वैचारिक दिवालियापन और जनता के साथ बार-बार विश्वासघात जैसे मुद्दों के कारण ही उसके सांसद उसे छोड़ रहे हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि राज्यसभा में आप के दो-तिहाई सांसद पार्टी से दूरी बना रहे हैं, जो इस बात का संकेत है कि संगठन अंदर से कमजोर हो रहा है।
बांसुरी स्वराज ने कहा कि यह समय अरविंद केजरीवाल, सौरभ भारद्वाज और पार्टी नेतृत्व के लिए आत्ममंथन का है। उनके अनुसार, जब संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी भी असंतुष्ट होकर पार्टी छोड़ रहे हैं, तो यह स्पष्ट संकेत है कि पार्टी का ढांचा बिखर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की विकास नीतियां लोगों को आकर्षित कर रही हैं, जिसके कारण अन्य दलों के नेता भाजपा की ओर रुख कर रहे हैं।
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने भी आईएएनएस से बातचीत के दौरान आप पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी के भीतर असंतोष का माहौल है और कई नेता खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे थे। जो लोग भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने के उद्देश्य से राजनीति में आए थे, वही अब पार्टी से निराश होकर बाहर निकल रहे हैं। कम समय में आप के कई नेताओं का पार्टी छोड़ना और कुछ का कानूनी मामलों में घिरना, चिंताजनक संकेत हैं।
उन्होंने कहा कि अगर किसी ने गलत किया है तो वह कानून के दायरे में आएगा, और अगर नहीं किया है तो उसे कोई डरने की जरूरत नहीं है। भाजपा न्याय व्यवस्था में विश्वास रखती है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता तीक्ष्ण सूद ने आईएएनएस से इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी को आत्मचिंतन करने की जरूरत है। जिस आंदोलन से यह पार्टी निकली थी, उसी के सिद्धांतों से अब वह भटक गई है। आप सांसदों का भाजपा में शामिल होना यह दर्शाता है कि पार्टी को देशभर में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है।
भाजपा विधायक अनिल गोयल ने कहा कि आप के राज्यसभा सांसदों के इस्तीफे पार्टी की गिरती साख का प्रमाण हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 April 2026 10:18 PM IST












