'आप सदन चलने कहां दे रहे हैं, जो गृह मंत्री संसद आएं', राहुल गांधी को भाजपा का जवाब
नई दिल्ली, 5 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने राहुल गांधी के उन आरोपों का भी मजबूती से जवाब दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि विपक्ष के डर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संसद नहीं आ रहे हैं।
भाजपा मुख्यालय पर प्रेस वार्ता कर रहे संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी जो कहते हैं कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सदन में नहीं आ रहे हैं तो मैं राहुल गांधी से कहना चाहता हूं कि आप सदन कहां चलने दे रहे हैं कि गृह मंत्री संसद आएं।
उन्होंने कहा कि हम सबके पहुंचने से पहले गृह मंत्री अमित शाह सदन पहुंचते हैं और हम सबके लौटने के बाद वह मध्य रात्रि तक सदन से आते हैं, लेकिन सदन चल कहां रहा है, 5 से 10 मिनट से ज्यादा सदन को चलने नहीं दिया जा रहा हैं। 11 बजे सदन शुरू होता है, राहुल गांधी और उनके सांसद इस कदर हुड़दंग मचाते हैं कि सदन स्थगित करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि विपक्षी सासंद हाथों में तख्तियां लेकर आते हैं और स्पीकर की डेस्क तक को थपथपाते हैं। ऐसे में आप किस प्रकार आशा करते हैं कि गृह मंत्री सदन में आएं। हां, जिस विभाग से जुड़े मुद्दे पर चर्चा होती है, उस विभाग के मंत्री सदन में मौजूद रहते हैं। ये पूरे देश ने देखा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का दूसरे के कंधों पर बंदूक रखकर राजनीति चमकाने का प्रयास उचित नहीं है।
संबित पात्रा ने कहा कि आज की यह प्रेस कॉन्फ्रेंस राहुल गांधी और कांग्रेस के झूठे नैरेटिव को उजागर करने के लिए है। पूरे देश ने देखा है कि आप साधू के वेश में आकर संसद के बाहर बैठते हैं। साधू को घसीटा जाता है, साधू जी त्रिपुंड लगाए हुए हैं, गेरुआ वस्त्र पहने हुए हैं, साधू को पीटा जाता है, लेकिन इस देश का दिल इतना महान है कि श्रावण के मास में भी इस घटना की अनदेखी कर दी जाती है, लेकिन इस देश में धर्म के नाम पर किसी को भटकाया नहीं जा सकता।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 Aug 2026 8:29 PM IST












