सीजीटीएन सर्वेक्षण ‘चाइना ट्रैवल’ का दुनिया भर में बढ़ रहा आकर्षण
बीजिंग, 5 अगस्त (आईएएनएस)। गर्मी से राहत पाने की यात्रा, अनुभव आधारित पर्यटन, खरीदारी यात्रा और सांस्कृतिक भ्रमण जैसे कई रूपों में इस गर्मी में ‘चाइना ट्रैवल’ ने दुनियाभर के पर्यटकों का ध्यान आकर्षित किया है।
चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) के अधीनस्थ चाइना ग्लोबल टेलीविजन नेटवर्क (सीजीटीएन) की ओर से दुनियाभर के नेटिजन्स के बीच किए गए एक सर्वेक्षण के अनुसार, 92.9 प्रतिशत लोगों का मानना है कि ‘चाइना ट्रैवल’ की बढ़ती लोकप्रियता अंतर्राष्ट्रीय समुदाय में चीन के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाती है।
चीन के प्रसिद्ध पहाड़ों और नदियों से लेकर ऐतिहासिक स्थलों तक, हानफू और छीपाओ जैसे पारंपरिक चीनी परिधानों से लेकर नई चाय संस्कृति तक, विदेशी पर्यटक चीन यात्रा के दौरान नए अनुभवों की अपनी सूची लगातार बढ़ा रहे हैं।
सर्वेक्षण में जब पूछा गया कि चीन में किस तरह के पर्यटन अनुभव में उनकी सबसे अधिक रुचि है, तो 54.7 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने ग्रेट वॉल और फॉरबिडन सिटी जैसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों को पहली पसंद बताया। इसके बाद प्राकृतिक दृश्य, विशेष सांस्कृतिक अनुभव और चीन का आधुनिक शहरी जीवन क्रमशः दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहे।
चीनी भोजन को लेकर भी विदेशी पर्यटकों में काफी उत्साह देखने को मिला। सर्वेक्षण में 55.5 प्रतिशत लोगों ने पारंपरिक चीनी व्यंजनों में रुचि दिखाई। इसके बाद इंटरनेट पर लोकप्रिय विशेष व्यंजन, नई चाय और अन्य विशेष पेय पदार्थ तथा स्थानीय खास व्यंजन लोगों की पसंद में शामिल रहे।
जब पूछा गया कि चीन यात्रा के दौरान वे कौन से उत्पाद खरीदना चाहेंगे, तो 48.3 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने तकनीकी उत्पादों और स्मार्ट उपकरणों को सबसे पसंदीदा विकल्प बताया। वहीं, 23.3 प्रतिशत लोगों ने चीनी सांस्कृतिक और रचनात्मक उत्पादों, 18.7 प्रतिशत ने विशेष खाद्य पदार्थों और स्नैक्स तथा 9.6 प्रतिशत ने पारंपरिक चीनी परिधानों और फैशन उत्पादों को पसंद किया।
चीनी राष्ट्रीय आप्रवासन प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष की पहली छमाही में चीन आने वाले विदेशियों की संख्या 2 करोड़ 29 लाख 14 हजार तक पहुंच गई, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 20.4 प्रतिशत अधिक है। यह आंकड़ा चीन में विदेशी पर्यटकों की बढ़ती रुचि को दर्शाता है।
सर्वेक्षण में 92.8 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने कहा कि सोशल मीडिया पर चीन यात्रा से जुड़ी सामग्री उन्हें चीन को समझने और वहां यात्रा करने के लिए लगातार प्रेरित कर रही है। वहीं, 87 प्रतिशत लोगों का मानना है कि व्यक्तिगत रूप से चीन की यात्रा करने से चीनी संस्कृति, समाज और विकास को अधिक व्यापक और वास्तविक रूप से समझने में मदद मिलती है।
गौरतलब है कि इस वर्ष की पहली छमाही में वीजा मुक्त प्रवेश के जरिए चीन आने वाले विदेशियों की संख्या 1 करोड़ 78 लाख 15 हजार रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 30.6 प्रतिशत अधिक है। चीन द्वारा यात्रा सुविधा से जुड़े कई कदम उठाए जाने से अधिक संख्या में विदेशी पर्यटक चीन की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
सर्वेक्षण के मुताबिक, 92.2 प्रतिशत उत्तरदाताओं का मानना है कि मोबाइल भुगतान, हाई-स्पीड रेल और साझा मोबिलिटी जैसी सुविधाएं चीन के पर्यटन अनुभव का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी हैं। वहीं, 91.8 प्रतिशत लोगों ने कहा कि चीन द्वारा वीजा और सीमा पार यात्रा सुविधाओं में लगातार सुधार से विदेशी पर्यटकों की चीन यात्रा की इच्छा बढ़ी है। इसके अलावा, 79.6 प्रतिशत उत्तरदाता चीनी स्थानीय मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए यात्रा संबंधी जानकारी हासिल करने और लोकप्रिय पर्यटन स्थलों तथा यात्रा अनुभवों को जानने में रुचि रखते हैं।
बता दें कि यह सर्वेक्षण सीजीटीएन के अंग्रेजी, स्पेनिश, फ्रेंच, अरबी और रूसी भाषा के प्लेटफार्मों पर जारी किया गया था। इसमें 24 घंटे के भीतर 7,085 नेटिजन्स ने हिस्सा लिया और अपनी राय व्यक्त की।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 Aug 2026 9:49 PM IST












