जंतर-मंतर: नवी मुंबई एयरपोर्ट का नाम डीबी पाटिल के नाम पर रखने की मांग को लेकर प्रदर्शन

नवी मुंबई एयरपोर्ट का नाम डीबी पाटिल के नाम पर रखने की मांग को लेकर प्रदर्शन
  • नवी मुंबई एयरपोर्ट का नाम डीबी पाटिल के नाम पर रखने की मांग
  • 2022 में एयरपोर्ट का नाम लोकनेता डी. बी. पाटिल साहब रखने का आधिकारिक प्रस्ताव विधानसभा और विधान परिषद में

New Delhi News. मुंबई के पास अब दो इंटरनेशनल हवाई अड्‌डे हैं। पहले एयरपोर्ट का नाम छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्‌डा है तो अब दूसरे नवी मुंबई एयरपोर्ट का नाम डीबी पाटिल के नाम पर रखने की मांग उठ रही है। जिसे लेकर बुधवार को यहां जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया गया। भिवंडी लोकसभा क्षेत्र से सांसद सुरेश म्हात्रे के नेतृत्व में '27 गांव सर्वदलीय संघर्ष समिति कल्याण-डोंबिवली' के बैनर तले इस प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस आंदोलन में हिस्सा लेने के लिए महाराष्ट्र से सैकड़ों आंदोलनकारी राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे। प्रदर्शनकारियों की मांग को समर्थन देने के लिए शिवसेना (शिंदे) सांसद श्रीकांत शिंदे, श्रीरंग बारणे, भाऊसाहेब वाकचौरे, नरेश म्हस्के, रविंद्र वायकर समेत कई अन्य सांसद प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे।

आंदोलनकारियों का कहना है कि वर्ष 2022 में महाराष्ट्र सरकार द्वारा नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम लोकनेता डी. बी. पाटिल साहब रखने का आधिकारिक प्रस्ताव विधानसभा और विधान परिषद में सर्वसम्मति से पारित करके केंद्र सरकार को भेज दिया गया है। यह प्रस्ताव पिछले 3 साल से केंद्र सरकार के पास लंबित है और इस पर कोई और ठोस प्रगति नहीं हुई है। सांसद सुरेश म्हात्रे ने संसद में इस मांग को कई बार उठाया है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि केंद्र सरकार को महाराष्ट्र के लोगों की भावना का सम्मान करते हुए अविलंब इस प्रस्ताव को मंजूरी देनी चाहिए। इससे पूर्व, शिवसेना (शिंदे) सांसद श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू से मुलाकात कर अपनी मांगों से अवगत कराया।


Created On :   5 Aug 2026 9:33 PM IST

Tags

Next Story