बैठक में फैसला: राज्य में मेट्रो नेटवर्क का होगा तेजी से विस्तार, 2030 तक 300 किमी से अधिक नए मार्ग शुरू होंगे - देवेंद्र फडणवीस

राज्य में मेट्रो नेटवर्क का होगा तेजी से विस्तार, 2030 तक 300 किमी से अधिक नए मार्ग शुरू होंगे - देवेंद्र फडणवीस
  • मंत्रिमंडल की बुनियादी ढांचा (इन्फ्रास्ट्रक्चर) समिति की बैठक में हुआ फैसला
  • राज्य में 683 किलोमीटर से अधिक का मेट्रो नेटवर्क विकसित होगा
  • मेट्रो-10 परियोजना को जल्द मिलेगी रफ्तार

Mumbai News. राज्य सरकार ने प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और अधिक आधुनिक, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को मंत्रिमंडल की बुनियादी ढांचा (इन्फ्रास्ट्रक्चर) समिति की बैठक में कहा कि राज्य में मेट्रो परियोजनाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है और वर्ष 2030 तक 300 किलोमीटर से अधिक नए मेट्रो मार्गों को शुरू करने की योजना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी नई मेट्रो परियोजना का निर्माण कार्य शुरू होने के बाद उसे तीन वर्ष के भीतर पूरा करने की कार्ययोजना बनाई जाए।

सार्वजनिक परिवहन को मिलेगी नई गति

बैठक में मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि मुंबई, पुणे, नागपुर तथा मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में विकसित हो रहे मेट्रो नेटवर्क से शहरी क्षेत्रों में सुरक्षित, तेज और विश्वस्तरीय सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध होगा। इससे न केवल यात्रियों का समय बचेगा बल्कि सड़क यातायात का दबाव कम होगा, प्रदूषण में कमी आएगी और भविष्य के शहरी विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य शहरों में ऐसी परिवहन व्यवस्था तैयार करना है जो आने वाले दशकों की आवश्यकताओं को पूरा कर सके।

राज्य में 683 किलोमीटर से अधिक का मेट्रो नेटवर्क विकसित होगा

बैठक में प्रस्तुत जानकारी के अनुसार राज्य में प्रस्तावित एवं संचालित मेट्रो नेटवर्क की कुल लंबाई 683.53 किमी होगी।

• मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में 428.89 किमी

• पुणे महानगर क्षेत्र (पीएमआर) में 169.45 किमी

• नागपुर महानगर क्षेत्र में 85.20 किमी

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में राज्य में 174 किमी मेट्रो मार्गों पर यात्री सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। इसके अलावा 291 किमी लंबाई के मार्गों पर निर्माण कार्य जारी है। 130 किमी लंबाई की परियोजनाएं विभिन्न सरकारी मंजूरियों की प्रक्रिया में हैं। 87 किमी नए मार्गों के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

2.80 लाख करोड़ रुपए से अधिक का निवेश

राज्य सरकार ने मेट्रो परियोजनाओं पर 2 लाख 80 हजार 755 करोड़ रुपए का विशाल निवेश करने की योजना बनाई है। इस वित्तीय संरचना में केंद्र सरकार का योगदान 27,216 करोड़, राज्य सरकार का प्रत्यक्ष योगदान 50,250 करोड़, एमएमआरडीए, स्थानीय निकायों एवं नियोजन प्राधिकरणों का योगदान 75,729.62 करोड़ रुपए है। शेष राशि सरकार की गारंटी पर लिए जाने वाले ऋण के माध्यम से जुटाई जाएगी।

मेट्रो-10 परियोजना को जल्द मिलेगी रफ्तार

बैठक में मुंबई मेट्रो-10 परियोजना की समीक्षा भी की गई। यह परियोजना मीरा गांव से गायमुख तक प्रस्तावित है। इस मार्ग की कुल लंबाई 9.68 किमी है। जिसमें कुल 5 एलिवेटेड स्टेशन होंगे। इस पर अनुमानित लागत लगभग 8 हजार 500 करोड़ रुपए होगी। इस परियोजना की अधिसूचना पहले ही जारी की जा चुकी है तथा आवश्यक अनुमतियों की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेट्रो-10 का निर्माण कार्य शुरू होने के बाद इसे तीन वर्षों के भीतर पूरा किया जाए।

प्रस्तावित प्रमुख परियोजनाएं

मुंबई मेट्रो-11

• अणिक डिपो – वडाला – गेटवे ऑफ इंडिया

• लंबाई : 17.51 किमी

पुणे मेट्रो विस्तार

• हडपसर – लोणी कालभोर

• हडपसर – सासवड रोड

• कुल लंबाई : 16.68 किमी

नवी मुंबई मेट्रो-1A एवं 2

• बेलापुर – सागर संगम

• पेंधर – नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा

• कुल लंबाई : 17.09 किमी

नागपुर मेट्रो फेज-2 विस्तार

• कान्हान नदी – कान्हान सिटी

• लंबाई : 1.45 किमी

मुंबई मेट्रो-8

• छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा

• लंबाई : 34.90 किमी

मुंबई मेट्रो-10

• गायमुख – छत्रपति शिवाजी महाराज चौक

• लंबाई : 9.20 किमी

मुंबई मेट्रो-13

• शिवाजी चौक – वसई-विरार

• लंबाई : 25.03 किमी

मुंबई मेट्रो-12A

• मानपाडा – कल्याण – खुटारी – तड़ोजा

• लंबाई : 18.40 किमी

मुंबई मेट्रो-3 विस्तार

• कफ परेड – नेवी नगर

• लंबाई : 1.40 किमी

मुंबई मेट्रो-14

• कांजूरमार्ग – बदलापुर

• लंबाई : 45.15 किमी

पुणे मेट्रो फेज-3

• निगडी – वाकड़ – नाशिक फाटा – चाकण

• लंबाई : 42 किमी

Created On :   4 Aug 2026 10:01 PM IST

Tags

Next Story