सरकार गंभीर: मंत्रालय की कैंटीन में साफ-सफाई पर मुख्य सचिव सख्त, राजेश अग्रवाल ने जीएडी अधिकारियों को दिए निगरानी के निर्देश

मंत्रालय की कैंटीन में साफ-सफाई पर मुख्य सचिव सख्त, राजेश अग्रवाल ने जीएडी अधिकारियों को दिए निगरानी के निर्देश
  • मुख्य सचिव ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
  • बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश पर हुआ था निरीक्षण

Mumbai News. मंत्रालय की कैंटीन में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा संबंधी गंभीर खामियां सामने आने के बाद राज्य सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल ने सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कैंटीन में स्वच्छता व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाए और निरीक्षण के दौरान सामने आई सभी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। सरकार का कहना है कि मंत्रालय आने वाले कर्मचारियों, अधिकारियों और आम नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश पर हुआ था निरीक्षण

पिछले सप्ताह बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देश पर चार वकीलों और खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम ने मंत्रालय की कैंटीन का निरीक्षण किया था। इस दौरान कैंटीन की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के रखरखाव, रसोई की स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान टीम को कई खामियां मिलीं। रिपोर्ट में रसोई क्षेत्र की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के भंडारण, स्वच्छता मानकों के पालन और नियमित निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए गए। इन कमियों को सार्वजनिक स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा के दृष्टिकोण से गंभीर माना गया। इन वकीलों ने इसकी रिपोर्ट हाई कोर्ट में जमा की थी।

मुख्य सचिव ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

निरीक्षण रिपोर्ट सामने आने के बाद मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल ने जीएडी के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण में बताई गई सभी कमियों को तत्काल दूर किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने। अधिकारियों से कैंटीन में नियमित निरीक्षण की व्यवस्था बनाने और स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने के भी आदेश दिए गए।

Created On :   4 Aug 2026 9:25 PM IST

Tags

Next Story