‘आप’ से जुड़े युवक ने लगाया आरोप- मंत्री प्रवेश वर्मा ने मारा थप्पड़, कार्रवाई की मांग
नई दिल्ली, 27 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा पर आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक जरनैल सिंह के साथ काम करने वाले साहिब सिंह ने थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है। साहिब सिंह ने दावा किया कि निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा ने उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और उन्हें थप्पड़ मारा। उन्होंने मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। दिल्ली के तिलकनगर में सड़क के निरीक्षण के दौरान यह घटना हुई।
आईएएनएस से बातचीत में साहिब सिंह ने घटना के बारे में बताया कि वह आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह के साथ समन्वय का काम करते हैं और उनके सोशल मीडिया अकाउंट को देखते हैं। उनके मुताबिक, मंत्री प्रवेश वर्मा इलाके में निरीक्षण के लिए आए थे। जब उन्हें जानकारी मिली कि मंत्री इलाके में निरीक्षण के लिए आ रहे हैं, तो उन्होंने सड़क की स्थिति दिखाने के लिए वहां मौजूद लोगों के साथ सड़क की खराब हालत उन्हें दिखाई। साहिब सिंह के अनुसार, उस समय वह विधायक जरनैल सिंह के पेज पर घटना की लाइव स्ट्रीमिंग कर रहे थे।
साहिब सिंह ने आरोप लगाया कि चल रही लाइव स्ट्रीम को रोकने के लिए प्रवेश वर्मा ने मेरे हाथ से फोन छीन लिया। इसके बाद उन्होंने मुझ पर हाथ उठाया और मुझे थप्पड़ मारा। उनके सुरक्षाकर्मियों ने भी मुझे धक्का दिया और मेरे साथ मारपीट की।
साहिब सिंह ने बताया कि उन्होंने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री के साथ आए कुछ लोगों ने उन्हें धमकी भी दी। शिकायत में उन लोगों के नाम भी दिए गए हैं। अब आगे की कार्रवाई पुलिस पर निर्भर करती है। साहिब सिंह ने कहा कि प्रवेश वर्मा दिल्ली सरकार के मंत्री हैं, इसलिए उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
इस मामले में पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि मंत्री प्रवेश वर्मा को गिरफ्तार किया जाए। मैं सोमवार को यहां जाऊंगा।
आप विधायक जरनैल सिंह ने लिखा कि यह दिल्ली की भाजपा सरकार के मंत्री हैं। सड़क का निरीक्षण करने आए थे लेकिन घोटाला उजागर होते देखकर आपा खो बैठे और वीडियो रिकॉर्ड करने वाले मेरे साथी के साथ गुंडागर्दी कर बैठे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Sept 2026 4:52 PM IST












