आयशा टाकिया कुछ हिट फिल्म देकर छोड़ा बॉलीवुड, शादी के लिए अपनाया इस्लाम
मुंबई, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। चेहरे पर मुस्कान और अंदाज बिल्कुल स्टाइलिश। हम बात कर रहे हैं अजय देवगन के साथ अपना करियर शुरू करने वाली अभिनेत्री आयशा टाकिया की।
'टार्जन: द वंडर कार' से पहचान बनाने वाली आयशा ने अपनी सादगी से करोड़ों दिलों पर राज किया। आज वे फिल्मों से दूर अपनी निजी जिंदगी और सामाजिक कार्यों में व्यस्त हैं, लेकिन उनकी 'वॉन्टेड' जैसी सुपरहिट फिल्में आज भी दर्शकों की पसंदीदा हैं। अभिनेत्री 10 अप्रैल को अपना 40वां जन्मदिन मना रही हैं।
मुंबई में जन्मी आयशा टाकिया ने बचपन में ही सोच लिया था कि वह हिंदी सिनेमा का हिस्सा बनेंगी। उन्होंने 5 साल की छोटी उम्र में अपनी इच्छा जाहिर की थी और मात्र 15 साल की उम्र में अपने पहले वीडियो सॉन्ग में दिखी थीं। अभिनेत्री ने सिंगर फाल्गुनी पाठक के गाने 'मेरी चुनर उड़-उड़ जाए' से डेब्यू किया था। पहला ही गाना सुपरहिट रहा और आगे भी सफलता इंतजार कर रही थी।
साल 2004 में आयशा के लिए बॉलीवुड के दरवाजे खुले। उन्हें अभय देओल के साथ फिल्म 'सोचा ना था' में कास्ट किया गया। फिल्म की शूटिंग पूरी हुई लेकिन फिल्म समय पर रिलीज नहीं हुई, जिसके बाद अभिनेत्री को फिल्म 'टार्जन : द वंडर कार' के लिए कास्ट किया गया, जो उसी साल, यानी साल 2004 में रिलीज हुई, जबकि 'सोचा ना था' साल 2005 में रिलीज हुई।
'टार्जन : द वंडर कार' से आयशा बॉलीवुड में छा गईं, क्योंकि उनके चुलबुले अंदाज ने फैंस का दिल जीतने में अहम भूमिका निभाई। इसी फिल्म के लिए अभिनेत्री को बेस्ट फिल्मफेयर डेब्यू अवॉर्ड भी मिला। आयशा ने 'दिल मांगे मोर,' 'वॉन्टेड,' 'सलाम-ए-इश्क,' 'पाठशाला,' 'शादी नंबर 1' और तेलुगु में 'रॉबरी' जैसी फिल्मों में काम किया। लेकिन ज्यादातर फिल्में बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही। हालांकि, सलमान खान के साथ उनकी फिल्म 'वॉन्टेड' को खूब सराहा गया।
उनकी आखिरी फिल्म 'मोड़' भी बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही, लेकिन अभिनेत्री के किरदार को खूब सराहा गया। उन्होंने फिल्म में चुलबुली लड़की की बजाय एक गंभीर महिला का रोल प्ले किया था। हालांकि, इस फिल्म के बाद आयशा ने बॉलीवुड को छोड़ अपने बॉयफ्रेंड फरहान आजमी से शादी कर ली और इस्लाम कबूल कर लिया। इसके बाद उन्होंने कभी वापस सिनेमा में काम नहीं किया।
उन्होंने साफ कहा कि शादी के बाद वो सिर्फ अपनी पर्सनल लाइफ पर फोकस करना चाहती हैं और वो कभी सिनेमा में वापसी नहीं करेंगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 April 2026 9:53 PM IST












