- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- निवासी डॉक्टरों को राहत, अब सप्ताह...
नया निर्देश: निवासी डॉक्टरों को राहत, अब सप्ताह में 48 घंटे सेवा, मेयो अस्पताल प्रशासन ने ले लिया है निर्णय, विभाग प्रमुखों को दिया निर्देश

Nagpur News. इंदिरा गांधी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल (मेयो) ने निवासी डॉक्टरों की ड्यूटी को लेकर नया निर्देश जारी किया है। अब निवासी डॉक्टरों को राहत देते हुए काम के घंटे में शिथिलता मिलेगी। उन्हें प्रतिदिन अधिकतम 12 घंटे और सप्ताह में 48 घंटे तक सीमित कर दिया है। गौरतलब है कि देश भर में निवासी डॉक्टरों के अत्यधिक कार्य घंटे को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। इस मुद्दे पर केंद्र की नियामक संस्था नेशनल मेडिकल कमिशन (एनएमसी) और विभिन्न न्यायालयों ने भी गंभीरता से लिया है।
नियमानुसार ड्यूटी रोस्टर तैयार करने का निर्देश
एनएमसी पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि निवासी डॉक्टरों से अत्यधिक काम लेना उनके स्वास्थ्य के साथ-साथ मरीजों की सुरक्षा के लिए भी खतरा है। मेडिकल संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि साप्ताहिक ड्यूटी 48 घंटे से अधिक न हो और ‘ओवरवर्क कल्चर’ को समाप्त किया जाए। सुप्रीम कोर्ट समेत विभिन्न न्यायालयों ने भी 48 घंटे की लगातार ड्यूटी पर चिंता जताते हुए इसे अमानवीय करार दिया है और संस्थानों को मानक तय करने के निर्देश दिए हैं। इसी पृष्ठभूमि में मेयो प्रशासन ने 30 मार्च 2026 को जारी नोटिस में सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे नए नियमों के अनुसार निवासी डॉक्टरों का ड्यूटी रोस्टर तैयार करें। किसी भी स्थिति में निर्धारित समय सीमा का उल्लंघन न हो, ऐसा भी सूचित किया गया है।
थकान कम होने से उपचार की गुणवत्ता बढ़ेगी
पत्र में एक महत्वपूर्ण प्रावधान यह भी जोड़ा गया है कि जूनियर रेजिडेंट (जेआर-वन) को उनकी नियुक्ति के पहले छह महीनों तक इमरजेंसी ड्यूटी में नहीं लगाया जाएगा। जिससे नए डॉक्टरों को प्रशिक्षण के दौरान अनावश्यक दबाव से राहत मिल सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेशों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। विशेषज्ञों के अनुसार यह कदम न केवल रेजिडेंट डॉक्टरों के कार्य-जीवन संतुलन को बेहतर बनाएगा, बल्कि थकान कम होने से मरीजों के उपचार की गुणवत्ता और सुरक्षा भी बढ़ेगी।
मेडिकल के अधिष्ठाता डॉ. राज गजभिये के अनुसार यहां पहले से ही एनएमसी के निर्देशानुसार निवासी डॉक्टरों का ड्यूटी समय निर्धारित किया गया है। सभी विभाग प्रमुखाें को इसकी सूचना पहले ही दी जा चुकी है। जिसके कारण मेडिकल में लंबे समय तक लगातार ड्यूटी करने जैसी समस्या नहीं है।
Created On :   9 April 2026 10:10 PM IST












