- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- कांग्रेस नेता अभिजीत वंजारी की...
Nagpur News: कांग्रेस नेता अभिजीत वंजारी की विधानपरिषद की राह रोकने का प्रयास
Nagpur News विधानपरिषद में कांग्रेस के पार्टी नेता अभिजीत वंजारी का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। ऐसे में उनकी विधानपरिषद में फिर से वापसी की राह रोकने का प्रयास भाजपा कर रही है। भाजपा ने वंजारी से संबंधित शिक्षा संस्था में अवैध जाति प्रमाण पत्र का मामला सामने लाकर वंजारी की परेशानी बढ़ाने का प्रयास किया है।
क्या है मामला : गोविंदराव वंजारी कालेज में अनसूचित जनजाति एसटी प्रवर्ग के कथित बोगस जाति वैधता प्रमाणपत्र के आधार पर प्रवेश देने का गंभीर आरोप भारतीय जनता युवा मोर्चा , विद्यार्थी आघाडी व शहर भाजपा ने लगाया है। इन संगठनों की ओर से सह आयुक्त अनुसूचित जनजाति जाति वैधता पड़ताल समिति प्रशासन को निवेदन सौंपा गया है। आरोप है कि बोगस प्रमाणपत्र के कारण अनेक पात्र व जरुरतमंद विद्यार्थी के अधिकार का हनन किया जा रहा है। उन्हें मानसिक, शैक्षणिक व प्रशासनिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस प्रकरण में महाविद्यालय के प्राध्यापक व 10 विद्यार्थियों पर अपराध दर्ज किया गया है। नागपुर ग्रामीण के पाचगांव थाने की पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।
भाजयुमो ने दावा किया है कि कुछ प्रभावशील व्यक्ति का हस्तक्षेप है। विधानपरिषद की स्नातक निर्वाचन सीट के विधायक अभिजीत वंजारी की भूमिका पर सवाल उठाये गए है। अमर सेवा मंडल की ओर से गोविंदराव वंजारी कालेज आफ इंजीनियरिंग का संचालन किया जा रहा है। विधायक अभिजीत वंजारी अमर सेवा मंडल के सचिव हैं। आरोप है कि वे बोगस जाति प्रमाणपत्र के मामले को दबा रहे हैं। इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। प्रकरण में प्रशासन की त्वरित दखल की मांग की गई है। इसके अलावा संबंधित अधिकारी व कर्मचारियों के इलेक्ट्रानिक उपकरण जब्त करने व फारेंसिक जांच करने की मांग की गई है।
पहली बार जीती थी सीट : विधानपरिषद की नागपुर स्नातक निर्वाचन सीट जनसंघ व भाजपा के कब्जे में रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पिता गंगाधरराव फडणवीस इस सीट से विधानपरिषद सदस्य रहे हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी 2014 में पहली बार लोकसभा चुनाव जीतने के पहले तक लगातार इसी सीट से जीतकर 25 वर्ष तक विधानपरिषद सदस्य रहे। वर्ष 2020 में अभिजीत वंजारी ने भाजपा उम्मीदवार संदीप जोशी को पराजित कर यह सीट जीती थी। वंजारी की वह पहली जीत कांग्रेस की भी पहली जीत थी।
भाजपा के पास बताने को कुछ नहीं : भाजपा के पास बताने को कुछ नहीं है। चुनाव के समय वह अक्सर निराधार आरोप लगाती है। बोगस प्रमाणपत्र के मामले में दबाव का कोई विषय ही नहीं है। पुलिस जांच से हमारा कोई संबंध नहीं है। अभिजीत वंजारी विधानपरिषद सदस्य
जांच प्रभावित न हो : बोगस प्रमाणपत्र प्रकरण की जांच पुलिस कर रही है। राजनीतिक जनप्रतिनिधियों के प्रभाव की संस्थाओं से संबंधित ऐसे प्रकरण में दबाव की संभावना बनी रहती है। जांच प्रभावित नहीं होना चाहिए। संस्था के प्राध्यापकों की भी जांच हो। दयाशंकर तिवारी, अध्यक्ष भाजपा नागपुर महानगर
यह भी पढ़े -चलते वाहन में दबाया गला ,आयुष ने स्वयंसेवक का अपना कार्ड निकालकर अथर्व के गले में डाल दिया
Created On :   8 April 2026 4:10 PM IST
















