Nagpur News: समृद्धि एक्सप्रेस-वे में करोड़ों का स्टील घोटाला , नागपुर से भी तार जुड़े होने की आशंका

समृद्धि एक्सप्रेस-वे में करोड़ों का स्टील घोटाला , नागपुर से भी तार जुड़े होने की आशंका
  • परभणी पुलिस की टीम उपराजधानी में पहुंची
  • मामले सें जुड़े अहम ठिकानों को खंगाला

Nagpur News समृद्धि एक्सप्रेस-वे प्रोजेक्ट में करोड़ों का स्टील घोटाला हुआ है। इसका केंद्र बिंदु नागपुर हो सकता है, ऐसा माना जा रहा है। इसकी पड़ताल करने के लिए परभणी पुलिस ने नागपुर में दबिश दी है। कापसी स्थित ट्रांसपोर्ट कंपनी सहित अन्य जगहों को खंगाला गया। चौंकाने वाला बड़ा घोटाला उजागर होने की आशंका है।

बयान में गंभीर आरोप

पीएनआरसी इन्फोटेक लिमिटेड कंपनी के सहायक प्रबंधक उदित राकेश जैन (40) ने शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें समृद्धि एक्सप्रेस-वे प्रोजेक्ट में बड़ा स्टील घोटाला होने का आरोप लगाया है। समृद्धि महामार्ग पर जालना से नांदेड तक एमएसआरडीसी द्वारा निर्माण-कार्य िकया गया है। 20 मार्च 2026 को परभणी पुलिस को दिए गए बयान में जैन ने बताया कि प्रोजेक्ट को स्टील सप्लाई करने का ठेका बुटीबोरी के स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया को दिया गया है। इसके परिवहन की जिम्मेदारी जयपुर के सुनीता रोड कैरियर्स को दी गई है। सुनीता रोड कैरियर्स ने यह काम नागपुर के भंडारा रोड कापसी स्थित ट्रांसपोर्टर कंपनी को दिया है। कंपनी कंटेनर सप्लाई करने का काम करती है।

संदिग्ध ट्रांसपोर्टरों पर नजर

25 जून 2025 से अभी तक करीब 80 खेपों में स्टील पहुंचाया गया है। यह माल नागपुर के कुछ ट्रांसपोर्टर कंपनी के कंटेनरों द्वारा पहुंचाया गया है। इस कारण पुलिस का मानना है कि घोटाले का केंद्र बिंदु नागपुर हो सकता है। फिलहाल परभणी पुलिस के जांच अधिकारी सुधाकर खजे ने अपनी टीम के साथ नागपुर में डेरा डाल रखा है। संदिग्ध ट्रांसपोर्टरों की पड़ताल जारी है।

तीन ट्रेलर में वजन कम

15 मार्च 2026 की दोपहर 2 बजे नागपुर के ट्रांसपोर्टर कंपनी के तीन ट्रेलर बुटीबोरी से स्टील लेकर परभणी पहुंचे थे। वजन करने पर ट्रेलर क्र.जी.जे. 05 बीजेड 0871 में 11.34 टन स्टील कम पाया गया है। दूसरे ट्रेलर क्र.एम.एच..40 सी.एम.7007 में 8.84 टन कम माल था, जबकि तीसरे ट्रेलर का चालक बिना वजन िकए ही वहां से भाग निकला था। मौजूद अधिकारियों ने जब चालकों से पूछतछ करनी चाही तो बाकी के दो ट्रेलरों के चालक भी भाग निकले थे।


Created On :   8 April 2026 11:47 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story