- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- तेज रफ्तार कार ने छीनी दो...
दर्दनाक घटना: तेज रफ्तार कार ने छीनी दो जिंदगियां, बेलतरोड़ी क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा, पति-पत्नी की मौत
Nagpur News. बेलतरोड़ी इलाके में बुधवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी की जान चली गई। तेज रफ्तार कार ने उनकी दोपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान विजय भगवान सावरकर (53) और उनकी पत्नी सुरेखा विजय सावरकर (48), निवासी हरिहर नगर, बेलतरोड़ी के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी कार चालक का नाम पंकज बालकृष्ण डेकाटे (47), निवासी न्यू नरसाला, हुडकेश्वर बताया गया है।
यह भी पढ़े -13 साल का इंतजार खत्म, नागपुर के 33 पुलिस हवलदार बने उपनिरीक्षक - गृहमंत्री के फैसले से खुला प्रमोशन का रास्ता
क्या है मामला
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को सावरकर दंपत्ति अपनी नातिन के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए आराधना नगर, खरबी रोड गए थे। कार्यक्रम के बाद देर रात करीब साढ़े बारह बजे वे दोपहिया वाहन से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बेसा चौक से पुरुषोत्तम बाजार चौक के बीच मेडप्लस दुकान के सामने एक तेज रफ्तार किया सोनेट कार क्रमांक एमएच 49 बीडब्ल्यू 4226 के चालक पंकज ने सामने से आकर उनकी दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क किनारे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
आसपास के लोगों ने तुरंत घायलों को मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। इस मामले में बेलतरोड़ी पुलिस ने मृतक के दामाद नितीन कलंबे की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चालक नशे में कार चला रहा था, जिससे उसने नियंत्रण खो दिया और हादसा हो गया। पुलिस ने आरोपी को तड़के हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है।
Created On :   9 April 2026 6:37 PM IST















