Nagpur News: विदेशी सिगरेट का बड़ा भांडाफोड़ - मेडिकल अस्पताल के पास छापेमारी, 6 लाख से अधिक का माल जब्त

विदेशी सिगरेट का बड़ा भांडाफोड़ - मेडिकल अस्पताल के पास छापेमारी, 6 लाख से अधिक का माल जब्त
  • अवैध विदेशी सिगरेट और ई-सिगरेट के कारोबार का भांडाफोड़
  • पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया

Nagpur News. शहर में अवैध विदेशी सिगरेट और ई-सिगरेट के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मेडिकल अस्पताल के समीप एक निजी अस्पताल के पास स्थित गली में की गई, जहां से भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश चौहान (शांतिनगर), विकास परसवानी, हरीश परसवानी और जगदीश परसवानी (तीनों निवासी खामला, सिंधी कॉलोनी, प्लॉट नंबर 450) के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में विदेशी सिगरेट का अवैध कारोबार संचालित हो रहा है। इसके बाद टीम ने सुनियोजित तरीके से दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 2.50 लाख रुपये मूल्य की विदेशी सिगरेट और ई-सिगरेट जब्त की। इसके अलावा एक कार और एक एक्टिवा वाहन भी बरामद किए गए। कुल जब्त माल की कीमत लगभग 6 लाख 8 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी लंबे समय से इस अवैध धंधे में संलिप्त थे और शहर में विदेशी सिगरेट की आपूर्ति कर रहे थे। छापेमारी के दौरान वे माल लेकर कहीं और जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

यह कार्रवाई क्षेत्र की पुलिस उपायुक्त रश्मिता राव और अजनी थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नितीनचंद्र राजकुमार के मार्गदर्शन में की गई। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों और इसके विस्तार की जांच कर रही है।

इस कार्रवाई से शहर में अवैध तंबाकू उत्पादों के कारोबार पर पुलिस की सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है।

Created On :   9 April 2026 6:58 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story