- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- एसबीएल कंपनी के मार्केटिंग सेल्स...
जांच का दायरा बढ़ा: एसबीएल कंपनी के मार्केटिंग सेल्स मैनेजर और वितरकों से होगी पूछताछ, संबंधितों को भेजा पत्र

Nagpur News. गणेशपेठ थाना क्षेत्र में सामने आए विस्फोटक सामग्री मामले ने अब गंभीर रूप ले लिया है। एक शिक्षण संस्था से जुड़े वरिष्ठ व्यक्ति के घर में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा और व्यापक कर दिया है। अब इस मामले में संबंधित कंपनी के मार्केटिंग सेल्स मैनेजर, वितरकों और अन्य कड़ियों से भी पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गणेशपेठ इलाके के दोसर भवन चौक के पास स्थित एक मकान के आंगन से संदिग्ध विस्फोटक सामग्री बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मौके से 58 डिटोनेटर, 15 कार्ट्रिज और 8 कनेक्टर जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में यह सामग्री एक निजी कंपनी से जुड़ी बताई जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने कंपनी से जुड़े अधिकारियों और वितरकों को पत्र भेजकर विस्तृत जानकारी मांगी है कि उक्त सामग्री किसे, कब और किस माध्यम से बेची गई थी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस पूरे मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। साथ ही विस्फोटक अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत जांच आगे बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू को गंभीरता से खंगाला जा रहा है।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब घर के एक सदस्य की नजर बगीचे में रखे एक संदिग्ध बैग पर पड़ी। बैग के भीतर प्लास्टिक की थैली में रखी सामग्री असामान्य लगी, जिसके बाद परिवार के अन्य सदस्य को जानकारी दी गई। जांच करने पर उसमें विस्फोटक सामग्री होने की आशंका सामने आई और तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, क्षेत्र को सुरक्षित किया और जांच शुरू की।
सूत्रों के अनुसार, यह खतरनाक बैग करीब चार महीनों से उस स्थान पर रखा हुआ था, जहां परिवार का आना-जाना बहुत कम होता है। मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे जब बगीचे में काम के दौरान बैग पर “एक्सप्लोसिव” लिखा देखा गया, तब परिवार के होश उड़ गए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई और पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया।
मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने संबंधित कंपनी के साथ-साथ पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव सेफ्टी ऑर्गेनाइजेशन (पेसो) को भी पत्र भेजा है। इसमें स्पष्ट रूप से पूछा गया है कि बरामद सामग्री का अधिकृत विक्रेता कौन है और यह किस व्यक्ति या संस्था को उपलब्ध कराई गई थी। साथ ही इस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई को लेकर भी मार्गदर्शन मांगा गया है।
इधर, यह विस्फोटक सामग्री मकान तक कैसे पहुंची, इसे लेकर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि किसी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की पहचान हो सके। पुलिस विभिन्न एंगल से जांच कर रही है, जिसमें साजिश, लापरवाही या अन्य संभावित कारणों को भी शामिल किया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरी तरह सतर्क है और मामले की गहन जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने की दिशा में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
Created On :   8 April 2026 7:14 PM IST













