शिकंजे में आरोपी: कपिलनगर में हुए हत्याकांड का खुलासा, क्राइम ब्रांच यूनिट-2 की कार्रवाई में फरार दो आरोपी गिरफ्तार

कपिलनगर में हुए हत्याकांड का खुलासा, क्राइम ब्रांच यूनिट-2 की कार्रवाई में फरार दो आरोपी गिरफ्तार
  • धारगांव बायपास से दबोचे गए आरोपी
  • नागपुर की क्राइम ब्रांच यूनिट-2 की कार्रवाई

Nagpur News. कपिलनगर इलाके में हुए सनसनीखेज हत्याकांड में क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर धारगांव, जबलपुर बायपास रोड पर जाल बिछाकर की गई। गिरफ़्तार आरोपियों के नाम कल्पेश सुरज राभा उम्र 22 साल, रहवासी प्लाॅट नंं. 43, गायकवाड ले-आऊट, नारी रोड और निपीन उर्फ हनी दीपक ठाकुर उम्र 26 साल प्लाॅट नं. 126, गुरू तेगबहादुर नगर, नारी रोड के रूप में हुई है। यह दोनों आरोपी करीब 5 माह से फरार थे।

क्या था मामला

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ता पिंटू सुरेश राजपूत उम्र 32 साल अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाकर मनसर से लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने दो दोस्तों को तक्षशिला घाट के पास उतारा और फिर अपने मित्र राजेश ईश्वर ओरेकर उम्र 48 साल के साथ 25 अक्टूबर 2025 काे घर की ओर जा रहे थे। रात करीब 9.30 से 10 बजे के बीच कपिलनगर थाना क्षेत्र की म्हाडा कॉलोनी, बिल्डिंग नंबर 10 के सामने उनकी कार एक खड़ी ई-रिक्शा से टकरा गई। इस मामूली हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक और पिंटू के बीच विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान हर्षल, तब्बा, लक्की, राभा और उनके अन्य साथी मौके पर पहुंचे और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

आरोपियों ने पिंटू राजपूत और उनके मित्र राजेश ओरेकर के साथ मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए भाग रहे राजेश का आरोपियों ने पीछा किया और उसे जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल राजेश को मेयो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। इस मामले में कपिलनगर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज किया था।

समानांतर जांच के दौरान क्राइम ब्रांच यूनिट-2 को सूचना मिली कि इस वारदात में शामिल दो आरोपी धारगांव इलाके में छिपे हैं। इसके आधार पर पुलिस ने बुधवार 8 अप्रैल 2026 को दबिश देकर आरोपी कल्पेश राभा और निपीन उर्फ हनी ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। पुलिस ने आरोपियों के पास से 18 हजार रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए कपिलनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस आयुक्त डा रविंद्र कुमार सिंगल सहित वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच की यूनिट 2 की पुलिस निरीक्षक शुभांगी देशमुख ने अपनी टीम के साथ मिलकर कार्रवाई की।

Created On :   9 April 2026 6:49 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story