Chhindwara News: रफ्तार का कहर..पिकअप वाहन ने बाइक सवारों को रौंदा, दो महिलाओं की मौत

रफ्तार का कहर..पिकअप वाहन ने बाइक सवारों को रौंदा, दो महिलाओं की मौत
एक युवक की हालत नाजुक, नागपुर रेफर, मोहखेड़ के नरसला में हुआ हादसा

Chhindwara News: मोहखेड़ के ग्राम नरसला के समीप एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बुधवार सुबह बाइक सवारों को रौंद दिया। बाइक सवार एक महिला की मौके पर मौत हो गई। एक युवती और युवक को जिला अस्पताल लाया गया था। यहां चिकित्सकों ने युवती को भी मृत घोषित कर दिया। घायल युवक को प्राथमिक इलाज के बाद नागपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद आरोपी पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि नरसला निवासी 23 वर्षीय निकिता पिता भादूलाल वाडिवा, 32 वर्षीय अनन्ती पति रवि काकोड़िया और सांवरी गुबरेल निवासी 25 वर्षीय आकाश पिता बलराम विश्वकर्मा छिंदवाड़ा में काम करते है। राेजाना की तरह बुधवार सुबह वे बाइक से छिंदवाड़ा के लिए निकले थे। नरसला के समीप बाइक सवारों को पीछे से आ रहे पिकअप वाहन ने टक्कर मार दिया।

हादसे में अनन्ती काकोड़िया की मौके पर मौत हो गई थी। गंभीर घायल निकिता और आकाश को जिला अस्पताल लाया गया था। यहां चिकित्सकों ने निकिता काे मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक इलाज के बाद आकाश को नागपुर रेफर किया गया है। एक्सीडेंट के बाद आरोपी पिकअप चालक फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप वाहन जब्त कर लिया है। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।

Created On :   9 April 2026 2:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story