- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- दिशा लर्निंग सेंटर पुलिस लाइन में...
Chhindwara News: दिशा लर्निंग सेंटर पुलिस लाइन में नि:शुल्क प्रशिक्षण प्रदान कर रहे आरक्षक विजय

Chhindwara News: शहर के पुलिस लाइन स्थित दिशा लर्निंग सेंटर ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। सेंटर के 17 प्रशिक्षु विद्यार्थियों का चयन आरपीएफ, बीएसएफ और सीआईएसएफ जैसे प्रतिष्ठित सुरक्षा बलों में हुआ है। यह उपलब्धि न केवल इन युवाओं के लिए, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। इस गौरवशाली सफलता के पीछे प्रशिक्षक आरक्षक विजय इवनाती की कड़ी मेहनत और समर्पण का बड़ा हाथ है। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थी दिन-रात शारीरिक और मानसिक तैयारी में जुटे थे, जिसका सुखद परिणाम आज सबके सामने है। इससे पूर्व में भी 44 अभ्यर्थियों ने एमपी पुलिस एवं 6 अभ्यर्थियों ने अन्य सेना भर्ती परीक्षा में सफलता प्राप्त की है।
नि:शुल्क प्रशिक्षण से संवर रहा भविष्य
दिशा लर्निंग सेंटर की सबसे खास बात यह है कि यहां निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है। यहां केवल पुलिस परिवार के बच्चे ही नहीं, बल्कि जिले के ऐसे जरूरतमंद और होनहार युवा भी तैयारी कर रहे हैं, जो संसाधनों के अभाव में अपने सपनों को पूरा नहीं कर पाते थे। आरक्षक विजय इवनाती ऐसे युवाओं को तराश कर उन्हें वर्दी पहनने के योग्य बना रहे हैं। वहीं स्वयं भी पीएससी मेन्स की तैयारी में जुटे हुए हैं।
मेहनत लाई रंग
चयनित विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी कड़ी मेहनत और प्रशिक्षक विजय इवनाती के सटीक मार्गदर्शन को दिया है। विजय इवनाती का लक्ष्य जिले के अधिक से अधिक युवाओं को अनुशासन और देशभक्ति के मार्ग पर ले जाकर उन्हें रोजगार से जोड़ना है। पुलिस लाइन में सुबह-शाम होने वाले पसीने बहाने वाले अभ्यास ने आज इन 17 परिवारों के घर में खुशियां भर दी हैं। जिसमें से 11 अभ्यर्थियों का चयन रेलवे प्रोटेक्षन फोर्स वहीं 6 अभ्यर्थियों ने एसएससी जीडी के माध्यम से बीएसएफ, सीआईएसएफ एवं सीआरपीएफ में जगह बनाई है।
आरपीएफ आरक्षक में चयनित अभ्यर्थी
दिशा लर्निंग सेंटर के माध्यम से मनोज वानखेड़े, दिलीप साहू, अभिषेक सोलंकी, अभिषेक सूर्यवंशी, कुलदीप कुमार, राहुल रघुवंशी, कैलाश वनेश्वर, रंजीत साहू, राम घोटे, निकेत साहू एवं सुश्री भावना फकारे का चयन किया गया है।
बीएसएफ व सीआईएसएफ में चयनित
एसएससी जीडी बीएसएफ व सीआईएसएफ में चयनित अभ्यर्थियों में लोकेश सरियाम, ऋतिक सोनी, सत्येंद्र बालवंशी, अंकित धुर्वे, सुश्री कामिनी परतेती व सुश्री साधना पहाड़े शामिल हैं।
पुलिस अधिकारी भी दे रहे मार्गदर्शन
दिशा लर्निंग सेंटर में पुलिस अधीक्षक अजय पांडे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे लगातार मार्गदर्शन कर रहे है। वहीं रक्षित निरीक्षक आशीष तिवारी भी समय समय पर सेंटर के बच्चों को गाइडेंस देते रहे हैं।
Created On :   4 April 2026 1:11 PM IST












