- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- आकाशीय बिजली गिरी..मां-बेटी झुलसी,...
Chhindwara News: आकाशीय बिजली गिरी..मां-बेटी झुलसी, दो मवेशियों की मौत

डिजिटल डेस्क,छिंदवाड़ा। अमरवाड़ा के सेजवाड़ा में बुधवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से मां और बेटी झुलस गई। वहीं दो मवेशियों की मौके पर मौत हो गई। इसके अलावा दो मवेशी घायल भी है। इधर घायल मां और बेटी को परिजनों ने जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया है। जिला अस्पताल में दोनों का इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि सेजवाड़ा निवासी 55 वर्षीय पुनियाबाई पति बृजलाल परतेती और उसकी बेटी 21 वर्षीय शोभा बुधवार शाम को घर पर काम कर रही थी। इसी दौरान घर के समीप आकाशीय बिजली आ गिरी। बिजली गिरते ही जोरदार धमाका हुआ। पुनियाबाई और शोभा आकाशीय बिजली से झुलस गई।
परिजनों ने घायलों को अमरवाड़ा अस्पताल लाकर भर्ती कराया था। प्राथमिक इलाज के बाद घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया था। जिला अस्पताल में घायल इलाजरत है। वहीं पौनार में गुरुवार को दोपहर आकाशीय बिजली के झटके से 17 वर्षीय रुपा पिता अशोक कहार घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
चपेट में आए मवेशी
आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो मवेशियों की मौके पर मौत हो गई। वहीं दो मवेशी बुरी तरह से झुलस गए हैं। बताया जा रहा है कि घटना की सूचना मिलने पर पटवारी ब्रजेश भलावी और कोटवार मौके पर पहुंचे थे। प्रशासनिक टीम द्वारा मुआवजा प्रकरण तैयार किया जा रहा है।
चांद व परासिया में एक घंटे बरसे बादल, शुक्रवार को जिले में बादल बारिश का अलर्ट
जिले में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। पिछले 24 घंटों में जिले के विभिन्न अंचलों में हुई बेमौसम बारिश और हल्की ओलावृष्टि ने तापमान में गिरावट ला दी है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई है।
जिले में बुधवार और गुरुवार को मौसम के अलग-अलग रूप देखने को मिले। धूप के साथ ही बादलों की आवाजाही व बारिश का असर देखने को मिल रहा है। बुधवार की शाम चांद क्षेत्र में तो गुरुवार की शाम 5 बजे परासिया क्षेत्र में एक घंटे झमाझम बारिश दर्ज की गई। वहीं जिला मुख्यालय में गुरुवार सुबह हल्की बौछारें पड़ीं।
दिनभर बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान में कमी आई है। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को अधिकतम पारा 36 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं बुधवार रात का न्यूनतम पारा 20.1 डिग्री दर्ज किया गया।
ओलावृष्टि की आशंका: मौसम विशेषज्ञों ने शुक्रवार को जिले के अमरवाड़ा और चौरई बेल्ट में बारिश के साथ ही ओले गिरने की आशंका जताई गई है। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से उन किसानों की चिंता बढ़ गई है, जिनकी फसलें अभी खेतों में हैं या खलिहानों में रखी हैं।
Created On :   3 April 2026 4:19 PM IST












