Chhindwara News: हनुमान लोक में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, किए संकटमोचन के दिव्य दर्शन

हनुमान लोक में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, किए संकटमोचन के दिव्य दर्शन
जन्मोत्सव को सफल बनाने में प्रशासन, विविध संगठनों के स्वयंसेवक एवं मंदिर संस्थान सदस्यों का योगदान रहा।

डिजिटल डेस्क,छिंदवाड़ा। चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर, जामसांवली धाम (हनुमान लोक) में हनुमान जन्मोत्सव पर गुरुवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। हजारों श्रद्धालुओं ने श्रीमूर्ति के चरणों में शीश नवाकर श्रद्धा अर्पित की। मंदिर गर्भ गृह में मध्यरात्रि में वाराणसी से आए विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्री मूर्ति का महाभिषेक किया।

इसके बाद महाआरती हुई। प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट द्वारा भक्तों की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां की थी, जिसमें जगह-जगह महाप्रसाद, शीतल पेय और शरबत के स्टाल लगाए गए थे। हनुमान जन्मोत्सव पर हुई पांच दिवसीय श्रीराम कथा का आज समापन हुआ। कथा में जगदगुरु रामभद्राचार्य महाराज ने बताया कि रावण का अंत उसके अहंकार के कारण हुआ था।

उन्होंने संदेश दिया कि ज्ञान तभी सार्थक है, जब उसमें विनम्रता का समावेश हो। कथा में यजमान के रूप में पूर्व मंत्री नानाभाऊ मोहोड़, विधायक परिणय फूके और ट्रस्टी मनोहर शेलकी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। मंदिर संस्थान अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बताया कि दो दिन में छह लाख श्रद्धालुओं ने श्रीमूर्ति के दर्शन किए। जन्मोत्सव को सफल बनाने में प्रशासन, विविध संगठनों के स्वयंसेवक एवं मंदिर संस्थान सदस्यों का योगदान रहा।

Created On :   3 April 2026 2:21 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story