सिमरिया हादसा: मरीज को गलत इलाज देने का वीडियो वायरल, डॉक्टर्स ने कहा- 'अफवाह फैलाई जा रही'

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। सिमरिया सड़क हादसे में घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। इलाज पर सवाल उठाते हुए रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हुआ। जिसमें एक युवती यह दावा कर रही है कि पेशेंट को चोट दाएं पैर में आई और एक्सरे बाएं पैर का िकया गया है। इधर सिम्स और जिला अस्पताल के डॉक्टर्स इस वीडियो में किए जा रहे दावों को फर्जी बता रहे है। जिस मरीज के पैरों का गलत इलाज व फैक्टर बताया गया, उस मरीज को डॉक्टर ने पैदल चलवाकर दिखाया। इसका भी वीडियो भी बाद में सामने आया।
बताया जा रहा है कि रविवार को सोशल मीडिया पर जिस घायल युवती करीना सीलू का वीडियो वायरल हुआ, उसने अस्पताल प्रबंधन को बताया कि उसके पास कुछ लोग आए थे, जिन्होंने सरकार द्वारा अधिक से अधिक मुआवजा मिलने की बात कहकर उसे बहकाकर वीडियो बना लिया था। बाद में करीना ने स्वयं इस वीडियो को भ्रामक बताया है।
अस्थि रोग विभाग प्रमुख ने देखी सारी रिपोर्ट-
इस वीडियो के वायरल होने से मचे हड़कंप के बाद जिला अस्पताल सीएस डॉ.सुशील दुबे और मेडिकल कॉलेज डीन डॉ.अभय सिन्हा के निर्देश पर अस्थि रोग विभाग अध्यक्ष डॉ.शैलेन्द्र सय्याम ने अस्पताल में भर्ती करीना सीलू की सभी रिपोर्ट और जांचें देखी। जांच में सामने आया कि करीना के दाहिने पैर का ही एक्सरे हुआ है। एक्सरे की रिपोर्ट भी सामान्य है और बाएं पैर में मामूली दर्द है। करीना बिना किसी सहारे के सामान्य रूप से चल फिर पा रही है।
क्या कहते हैं अधिकारी-
सभी मरीजों को बेहतर इलाज दिया जा रहा है। इस तरह से पेशेंट को अधिक मुआवजे का लालच देकर भ्रामक वीडियो बनाना और सोशल मीडिया पर वायरल करना गलत है। पेशेंट ने लिखित में दिया है कि उसे किसी तरह की दिक्कत नहीं है।
- डॉ.अभय सिन्हा, डीन, मेडिकल कॉलेज
Created On :   30 March 2026 11:42 PM IST













