Chhindwara News: टाइगर अटैक के बाद दहशत में ग्रामीण, अब भी बाघ का बना हुआ मूवमेंट

टाइगर अटैक के बाद दहशत में ग्रामीण, अब भी बाघ का बना हुआ मूवमेंट
फॉरेस्ट टीम ने बढ़ाई गश्ती, बाघ चौपाल और महुआ तोड़ने वाले ग्रामीणों को दे रही समझाइश

डिजिटल डेस्क,छिंदवाड़ा। पेंच नेशनल पार्क के कुंभपानी वन परिक्षेत्र बीट रमपुरी के पास टाइगर के अटैक से हुई युवक की मौत के बाद फॉरेस्ट टीम अलर्ट मोड पर आ गई है। वहीं जिस स्थान पर बाघ ने युवक पर हमला किया है, उसी क्षेत्र में आसपास अब भी मूवमेंट बना हुआ है। ऐसे में इस क्षेत्र के आसपास निवास कर रहे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

हालांकि अब फारेस्ट की टीम द्वारा गश्ती के साथ-साथ ग्रामीणों के बीच पहुंचकर बाघ चौपाल लगाकर लोगों को समझाइश दी जा रही है। इसके अलावा विशेष तौर पर महुआ तोड़ने जाने वाले ग्रामीणों को भी समझाइश दी जा रही है कि अकेले महुआ तोड़ने नहीं जाएं। छोटे बच्चों काे अपने साथ नहीं ले जाएं और शोर करते हुए सतर्क रहें।

इन क्षेत्रों में सतर्क रहने की जरुरत

पेंच टाइगर क्षेत्र के सफेद पाठा, घुरलाह टेकरी और आसपास के जंगलों में बाघ का मूवमेंट देखा जा रहा है। इसके अलावा खमरा और जमतरा के आसपास भी बाघ का मूवमेंट देखा जा रहा है। ऐसे में इन क्षेत्रों में लगातार बाघ का मूवमेंट और इन जगहों से लगातार लोगों का आना-जाना बना रहता है। ऐसे में फॉरेस्ट टीम की भी घटनाओं का रोकने की चुनौती रहेगी।

उल्लेखनीय है कि बुधवार की शाम को भी वन्यप्राणी एक्टीविस्ट कैप्टन ब्रजेश भारद्वाज ने बाघ के मूवमेंट की सूचना वन अधिकारियों को दी थी। इसके अलावा उन्होंने एक पत्र भी इस संदर्भ में लिखा है।

इनका कहना है

बुधवार को हुई घटना के बाद आसपास के इलाकों में गश्ती बढ़ा दी गई है। हमारी टीम लगातार ग्रामीणों से मिलकर उन्हें समझाइश दे रही है। इसके अलावा महुआ बीनने जा रहे ग्रामीणों को किस प्रकार सतर्क रहना है बताया जा रहा है।

- अतुल पारधी, एसडीओ, पेंच नेशनल पार्क

Created On :   3 April 2026 4:11 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story