Chhindwara News: जादूटोना के शक में लाठी से पीट-पीटकर बुजुर्ग की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

जादूटोना के शक में लाठी से पीट-पीटकर बुजुर्ग की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
अमरवाड़ा के रानीकामथ की वारदात, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

डिजिटल डेस्क,छिंदवाड़ा। अमरवाड़ा के रानीकामथ से मारपीट में घायल एक बुजुर्ग को गुरुवार शाम अस्पताल लाया गया था। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने मारपीट करने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि दो साल पहले आरोपी के बच्चे की जन्म के दो दिन बाद मौत हो गई थी। तभी से आरोपी को बुजुर्ग पर जादूटोना का संदेह था। इसी संदेह के चलते गुरुवार को आरोपी ने बुजुर्ग पर लाठी से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

टीआई राजेन्द्र धुर्वे ने बताया कि 62 वर्षीय हरिराम उईके को गुरुवार शाम को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया था। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। मृतक की बेटी मनीषा की शिकायत पर गांव के 27 वर्षीय दिनेश इनवाती को पकड़ा गया।

पूछताछ में दिनेश ने बताया कि हरिराम अक्सर उससे कहता था कि जादूटोना कर उसके बच्चे को जीने नहीं दूंगा। इसी बात को लेकर गुरुवार को दोनों के बीच विवाद हो गया था। दिनेश ने लाठी से पीट-पीटकर हरिराम की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी दिनेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम

वारदात के बाद फरार आरोपी दिनेश को गिरफ्तार करने वाली टीम में एसआई विजेन्द्र मार्को, एएसआई नूर सिंह बघेल, प्रधान आरक्षक जय सिंह बघेल, आरक्षक करण रघुवंशी, जगमोहन, ओमकार, राजेन्द्र बघेल, संजीव, धनंजय शर्मा और अभिषेक शामिल है।

Created On :   4 April 2026 1:07 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story