Chhindwara News: दोपहर में बूंदाबांदी तो शाम को झमाझम बरसे बादल

दोपहर में बूंदाबांदी तो शाम को झमाझम बरसे बादल
गांगीवाड़ा में आंधी तूफान से कई पेड़ हुए धराशायी

डिजिटल डेस्क,छिंदवाड़ा। जिले में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। अप्रैल महीने के प्रारंभ से ही जिले में कहीं मध्यम से कहीं तेज बारिश का सिलसिला प्रारंभ है। शुक्रवार को जिला मुख्यालय सहित कई विकासखंड में तेज हवाओं, गरज चमक के साथ झमाझम बारिश दर्ज की गई।

इस दौरान गांगीवाड़ा के आसपास के क्षेत्रों में तेज आंधी तुफान के चलते परासिया मुख्यमार्ग में कई पेड़ धराशायी हो गए। जिसे मार्ग में लंबा जाम लग गया। वहीं छिंदवाड़ा शहर में सुबह से बादलों की आवाजाही बनी रही। इस दौरान दोपहर में बूंदाबांदी भी दर्ज की गई। लेकिन देर शाम गरज चमक के साथ लगभग एक घंटे से अधिक जोरदार बारिश दर्ज की।

जिले में आज भी बारिश की संभावना

मौसम विशेषज्ञों ने जिले में शनिवार को भी बादल एवं बारिश की संभावना जताई है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जिले में दिनभर हल्के बादलों की आवाजाही बनी रहने के साथ ही कहीं कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी।

पांढुर्ना में तेज हवा के साथ झमाझम बारिश

शुक्रवार की शाम को मौसम ने अचानक करवट ले ली। क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश दर्ज की गई। अचानक हुई इस बारिश से जनजीवन कुछ समय के लिए अस्त-व्यस्त हो गया। हॉलाकि दिनभर मौसम में उमस बनी रही।

लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। शाम होते-होते अचानक बादल घिर आए और तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई। बारिश का प्रभाव सप्ताहिक बाजार पर पड़ा। जिसमें कई दुकानों पर रखा सामान भीग गया।

सारंगबिहरी में झमाझम बारिश

गर्मी के बीच शुक्रवार की शाम सारंगबिहरी क्षेत्र में झमाझम बारिश दर्ज की गई। शाम लगभग 6 बजे गरज चमक के साथ क्षेत्र में एक घंटे मूसलाधार बारिश ने उमस व गर्मी से राहत दी। वहीं तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

मुश्किल में फंसे किसान

गुरुवार व शुक्रवार की शाम झमाझम बारिश के कारण गेहूं व दलहन की खेती करने वाले किसानों की मुश्किल बढ़ गयी है। किसान पिछले कई दिनों से अपने खेतों में गेहूं फसल की कटाई करवा रहे थे और कहीं खेत में तो कहीं खलिहान में गेहूं की कटी फसल को रखा गया है। लेकिन बारिश के कारण खेत-खलिहान में रखी कटी फसल भी भींग गई।

बारिश से कटी फसलों को नुकसान

आंचलिक कृषि अनुसंधान केन्द्र चंदनगांव में तकनीकी अधिकारी ग्रामीण मौसम सेवा डॉ संत कुमार शर्मा का कहन है कि बारिश का पूर्व से अनुमान था जिसके बाद लगभग जिले के सभी हिस्सों में बारिश हुई है।

आगामी दो तीन दिनों बारिश के आसार है। जहां तक फसलों की बात करें तो ऐसी फसल जो कट गई है और खेतों में उनमें असर दिख सकता है। वहीं खड़ी फसलों पर इसका ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। सब्जियों और उड़द मूंग के लिए बारिश अच्छी रहेगी।

Created On :   4 April 2026 1:21 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story