Chhindwara News: एसबीआई में हादसा..सुरक्षाकर्मी के हाथ से फिसलकर गिरी रायफल से चली गोली

एसबीआई में हादसा..सुरक्षाकर्मी के हाथ से फिसलकर गिरी रायफल से चली गोली
सुरक्षाकर्मी से फिसलकर नीचे गिरी रायफल से गोली ने एक शख्स को घायल कर दिया।

Chhindwara News: तहसील कार्यालय के सामने स्थित भारतीय स्टेट बैंक की परासिया शाखा में बुधवार को बड़ा हादसा सामने आया। यहां एक ग्राहक का धक्का लगने से बैंक के सुरक्षाकर्मी के कंधे से रायफल फिसलकर नीचे गिर गई, इस दौरान रायफल से फायर हो गया।

गोली से निकले कुछ छर्रे पैजनवाड़ा से रामनारायण उईके के पैर में जा लगे। आनन- फानन में घायल को इलाज के लिए परासिया के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुरक्षाकर्मी निजी कंपनी का कर्मचारी है।

बैंक में स्टाफ की कमी के चलते अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा सुरक्षाकर्मी से कई कामों में सहयोग लिया जाता है। सुरक्षाकर्मी लेन-देन पर्ची उपलब्ध कराने, पर्ची भरने, चैक जमा मशीन और खाता बुक इंट्री मशीन को ऑपरेट करने जैसे कई काम करता है।

इस दौरान सुरक्षाकर्मी ग्राहकों की भीड़ को भी नियंत्रित करता है। ऐसे में सुरक्षाकर्मी द्वारा रायफल को लोड करके रखना घातक साबित हुआ। बुधवार को रायफल जमीन पर गिरते ही फायर हो गया। इस लापरवाही के चलते एक ग्राहक घायल हो गया है।

दूसरी बार हुआ हादसा

बैंक में सशस्त्र सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं। सुरक्षाकर्मी की रायफल से अचानक गोली चलने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले एक सुरक्षाकर्मी की रायफल से चली गोली बैंक गेट के छज्जे में जा धंसी थी। इस बार सुरक्षाकर्मी से फिसलकर नीचे गिरी रायफल से गोली ने एक शख्स को घायल कर दिया।

Created On :   9 April 2026 2:25 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story