डिजिटल भास्कर की खबर का असर: सिलेंडर की लंबी कतारों पर हरकत में आया प्रशासन, कलेक्टर ने आपूर्ति व्यवस्था पर जताई नाराजगी

सिलेंडर की लंबी कतारों पर हरकत में आया प्रशासन, कलेक्टर ने आपूर्ति व्यवस्था पर जताई नाराजगी
  • अधिकारियों की बैठक लेकर मांगी जवाबदेही
  • लंबी कतारों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए
  • लगातार मिल रही शिकायतों के बाद हरकत में प्रशासन

Nagpur News. डिजिटल भास्कर की खबर का एक बार फिर असर देखने को मिला है। उप्पलवाड़ी के नारी रोड स्थित गैस एजेंसी पर सिलेंडर के लिए लग रही लंबी कतारों की खबर जैसे ही वायरल हुई, उपभोक्ताओं की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने व्यवस्था पर नाराजगी जताई। गुरुवार को जिलाधीश कुमार आशीर्वाद ने तेल कंपनियों और खाद्यान्न आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर सिलेंडर की मांग और आपूर्ति की समीक्षा की। प्रशासन को लगातार मिल रही शिकायतों में यह सामने आया कि गैस एजेंसियां डिमांड के अनुसार सिलेंडर नहीं पा रही हैं। वर्तमान में केवल 50 से 60 फीसदी तक ही आपूर्ति हो रही है, जिससे बैकलॉग लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को एचपी प्लांट बंद रहने से समस्या और गंभीर हो रही है। कलेक्टर ने गैस गोदामों के बाहर लग रही लंबी कतारों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं।


यह भी पढ़े -51 लाख से अधिक एलपीजी सिलेंडर्स की प्रतिदिन हो रही डिलीवरी केंद्र

उपभोक्ता बेहाल, एचपी सिलेंडर के लिए 15 दिन का इंतजार

  • शहर में गैस संकट थमने का नाम नहीं ले रहा है। उपभोक्ता सुबह से लाइन में लगने को मजबूर हैं, लेकिन इसके बावजूद सिलेंडर मिलना तय नहीं है। पिछले एक महीने से बनी इस स्थिति में सुधार के कोई स्पष्ट संकेत नजर नहीं आ रहे हैं।
  • सबसे ज्यादा परेशानी एचपी गैस उपभोक्ताओं को हो रही है, जिनकी संख्या शहर में अधिक है। गैस एजेंसियों का कहना है कि पर्याप्त आपूर्ति न होने के कारण वे चाहकर भी उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं दे पा रही हैं। बुकिंग के बाद सिलेंडर मिलने में 15 दिन से अधिक का समय लग रहा है, जबकि भारत और इंडेन के उपभोक्ताओं को 8 से 10 दिन में सिलेंडर मिल पा रहा है।
  • बैकलॉग कम करने के लिए तेल कंपनियों ने बुकिंग अवधि 30 दिन से बढ़ाकर 35 दिन कर दी है, लेकिन इससे भी राहत नहीं मिल रही। एजेंसियों का कहना है कि जितनी मांग भेजी जा रही है, उसका आधा ही स्टॉक मिल रहा है।

सुबह 4 बजे से कतारें, फिर भी नहीं मिल रहा सिलेंडर

उत्तर नागपुर के नारी रोड स्थित गैस एजेंसी के बाहर हर दिन तनावपूर्ण हालात बन रहे हैं। लोग तड़के 4 बजे से लाइन में लग जाते हैं, लेकिन कई बार घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ता है। स्टॉक खत्म होने या वाहन न आने की सूचना देकर उपभोक्ताओं को वापस भेज दिया जाता है। लोगों में नाराजगी इस बात को लेकर भी है कि प्रशासन द्वारा कमी न होने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। एजेंसी कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें पर्याप्त आपूर्ति नहीं मिल रही, जबकि उपभोक्ताओं को संदेह है कि सिलेंडरों की कालाबाजारी हो रही है।



महिलाएं और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान

लाइन में खड़ी महिलाओं की परेशानी और भी ज्यादा गंभीर है। कोई छोटे बच्चों को घर छोड़कर आई है, तो किसी के बच्चों की परीक्षा चल रही है। कई लोगों को काम पर भी जाना होता है, लेकिन लंबी कतारें उन्हें घंटों बांधे रखती हैं।

ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद पहले कूपन के लिए लाइन और फिर सिलेंडर के लिए अलग इंतजार करना पड़ रहा है। एजेंसी कार्यालय का समय पर न खुलना और संपर्क न हो पाना भी लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है।

बुजुर्गों की स्थिति और भी दयनीय दिखाई दी। न बैठने की व्यवस्था है और न ही पीने के पानी की सुविधा। तेज धूप में भूखे-प्यासे लोग सिर्फ इस उम्मीद में खड़े रहते हैं कि आज सिलेंडर मिल जाएगा।

व्यवस्था पर सवाल, समाधान का इंतजार

दिन चढ़ने के साथ लोगों की परेशानी बढ़ती जाती है, लेकिन समाधान नजर नहीं आता। यह नजारा अब सिर्फ एक गैस एजेंसी की समस्या नहीं, बल्कि आम आदमी की मजबूरी की तस्वीर बन चुका है। अब देखने वाली बात यह होगी कि कलेक्टर के निर्देशों के बाद व्यवस्था में कितना सुधार आता है और आम उपभोक्ताओं को इस संकट से कब राहत मिलती है।

Created On :   9 April 2026 10:58 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story