अफगानिस्तान टेस्ट भारतीय युवा खिलाड़ियों को आजमाने का एक बड़ा अवसर सबा करीम

अफगानिस्तान टेस्ट भारतीय युवा खिलाड़ियों को आजमाने का एक बड़ा अवसर सबा करीम
भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून से न्यू पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में एकमात्र टेस्ट खेला जाएगा। भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज सबा करीम ने कहा है कि इस टेस्ट में टीम इंडिया के पास टेस्ट क्रिकेट की अपनी कमियों को दूर करने और भविष्य की नींव रखने का एक बड़ा अवसर है।

न्यू चंडीगढ़, 4 जून (आईएएनएस)। भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून से न्यू पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में एकमात्र टेस्ट खेला जाएगा। भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज सबा करीम ने कहा है कि इस टेस्ट में टीम इंडिया के पास टेस्ट क्रिकेट की अपनी कमियों को दूर करने और भविष्य की नींव रखने का एक बड़ा अवसर है।

जियोहॉटस्टार पर सबा करीम ने कहा, "भारत-अफगानिस्तान टेस्ट विश्व टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल का हिस्सा नहीं है, लेकिन शुभमन गिल की कप्तानी में नए तरीके से तैयार हो रही टीम के लिए इस टेस्ट में भविष्य की नींव रखने का बड़ा मौका होगा। टीम इंडिया अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी की दिक्कतों को ठीक कर सकती है।"

करीम ने कहा, "भारतीय टीम को घरेलू मैदानों पर फिर से अपना दबदबा कायम करने की जरूरत है, और इस मैच को उभरती हुई प्रतिभाओं को परखने के एक मंच के तौर पर इस्तेमाल करना चाहिए।"

उन्होंने कहा, "भारत अब ऐसे मोड़ पर आ गया है, जहां उसे अपने टेस्ट क्रिकेट पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है। खासकर घरेलू मैदानों पर, जहां अब उसका दबदबा पहले जैसा नहीं रहा। मुझे लगता है कि यह टेस्ट मैच चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट के लिए नए संतुलन को आजमाने और युवा खिलाड़ियों को परखने का एक बेहतरीन मौका है।"

करीम ने कहा, "टीम में कुछ बहुत ही शानदार युवा प्रतिभाओं को जगह दी गई है। यहां अच्छा प्रदर्शन करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और उन्हें भविष्य की सीरीज, खासकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली बड़ी घरेलू सीरीज के लिए चुने जाने का मौका मिलेगा। भारतीय टेस्ट क्रिकेट जिस मुकाम पर खड़ा है, उसे देखते हुए यह एक बड़ा मौका है। यह सिर्फ मैच जीतने की बात नहीं है, बल्कि भविष्य के लिए एक टीम तैयार करने की बात है।"

टीम की गेंदबाजी का जिक्र करते हुए करीम ने कहा कि जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में मोहम्मद सिराज को कमान संभालनी चाहिए। इंग्लैंड दौरे पर जिस तरह से सिराज ने गेंदबाजी की थी, उससे यह साफ हो गया था कि उनमें जिम्मेदारी उठाने की पूरी काबिलियत है। उनके पास गति, आक्रामकता और गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की काबिलियत है। हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से भी सहयोग की जरूरत होगी। सिराज युवा गेंदबाजों को राह दिखा सकते हैं और प्रेरित कर सकते हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 Jun 2026 3:04 PM IST

Tags

Next Story