बिहार अस्पताल में आग की घटना पर बोले नेता, लापरवाही हुई है तो कार्रवाई की जाएगी
मुजफ्फरपुर, 4 जून (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित प्रसाद अस्पताल के आईसीयू में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग से 4 लोगों की मौत हो गई। जिला प्रशासन ने जांच के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्र कर लिफाफों में सील कर लिया है।
बिहार सरकार के मंत्री रत्नेश सदा ने आईएएनएस से कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। जानकारी के अनुसार, सरकार और मुख्यमंत्री ने प्रत्येक परिवार को मुआवजे के तौर पर 4 लाख रुपये देने की घोषणा की है। इसके साथ ही, किसी भी घायल व्यक्ति का उचित इलाज किया जाएगा और उसे सभी आवश्यक सहायता एवं सहयोग प्रदान किया जाएगा।
मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि यह दुखद घटना है। कहीं कोई लापरवाही हुई है तो कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा लोगों को जिस भी सुविधा की आवश्यकता होगी, पूरी की जाएगी। जहां मानक के हिसाब से काम नहीं हो रहा है, वहां कार्रवाई होनी चाहिए।
राज्यसभा सांसद और आरएलएम प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि आग लगने की घटनाएं कभी-कभी होती रहती हैं। स्थानीय अधिकारी उन कारकों को खत्म करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आग के कारणों की जांच करेंगे। हालांकि, घटना दुखद है और हम इस पर दुख व्यक्त करते हैं।
आईएएनएस से बातचीत करते हुए रामकृपाल यादव ने कहा कि मुजफ्फरपुर हादसे में लोगों की जान जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं समझता हूं कि सरकार को इस पर सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पटना सहित पूरे बिहार में कुकुरमुत्ते की तरह बिना मानक के आधार पर अस्पताल खोलकर व्यवसाय किया जा रहा है।
अग्निशमन विभाग के डीआइजी सुधीर कुमार ने बताया कि जैसे ही हादसे की जानकारी मिली, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। प्रथमदृष्टया शॉर्ट सर्किट से हादसे का अनुमान है। घायलों का इलाज जारी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 Jun 2026 4:05 PM IST












