दक्षिण लेबनान में मोर्टार हमला, यूएन शांति सैनिक की मौत

बेरूत, 4 जून (आईएएनएस)। दक्षिणी लेबनान में तैनात संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन यूएनआईएफआईएल ने पुष्टि की है कि एक शांति सैनिक की मोर्टार हमले में मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
यह हमला दक्षिण लेबनान के मरजायौन क्षेत्र के पास तड़के हुआ, जब मोर्टार गोले शांति सैनिकों के एक ठिकाने पर गिरे। हमले में गंभीर रूप से घायल सैनिक ने बाद में दम तोड़ दिया।
यूएनआईएफआईएल के बयान के अनुसार, मृतक शांति सैनिक की राष्ट्रीयता या हमले के लिए जिम्मेदार पक्ष की पहचान तुरंत स्पष्ट नहीं की गई है। संगठन ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। हमले में दो अन्य शांति सैनिक भी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत को लेकर विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
दक्षिण लेबनान में लंबे समय से सुरक्षा स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, जहां इजरायल और लेबनान सीमा के पास समय-समय पर झड़पें और हमले होते रहे हैं। बुधवार को अमेरिका की मध्यस्थता में अहम बैठक हुई जिसमें सीजफायर को लेकर सहमति भी बनी।
द टाइम्स ऑफ इजरायल ने इस पर प्रकाश डाला। जिसके अनुसार, हिज्बुल्लाह को लिटानी नदी के दक्षिण से हटना होगा, दोनों देशों की सरकारों ने 22 जून को आगे की सीधी वार्ता के लिए फिर से मिलने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही दोनों ने बतौर संप्रभु राष्ट्र लेबनान का भविष्य खुद तय करने की बात कही और ईरान या अन्य समूहों के हस्तक्षेप को खारिज किया।
सहमति के बावजूद गुरुवार को हमले जारी रहे। इजरायल के रक्षामंत्री इजराइल काट्ज ने भी कहा, "संघर्ष विराम के बावजूद लेबनान के खिलाफ सैन्य अभियान जारी रहेगा।"
लेबनान की सरकारी न्यूज एजेंसी एनएनए ने बताया कि बेका के सोहमोर शहर पर हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। दक्षिणी लेबनान के हद्दाथा, तिबनिन, हारिस, कफर और हारिन शहरों पर भी और हमले हुए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 Jun 2026 4:05 PM IST












