अग्निवीरों के लिए दूसरे कार्यकाल का फैसला सेनाओं के सुझावों पर लियाः राजनाथ सिंह

नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस) अग्निवीरों के लिए दूसरे कार्यकाल (सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी) की व्यवस्था पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि यह फैसला तीनों सेनाओं से मिले सुझावों और प्रतिक्रिया के आधार पर लिया गया है। उन्होंने गुरुवार को दोहराया कि सरकार सैन्य बलों के सुझावों को नीतिगत फैसलों में शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।
राजनाथ सिंह ने विश्वास जताया है कि इस पहल से तीनों सेनाओं की क्षमताओं को और मजबूती मिलेगी। वह नई दिल्ली में आयोजित वायुसेना कमांडर्स कांफ्रेंस में बोल रहे थे। सम्मेलन के दौरान रक्षा मंत्री ने वायुसेना की डिजिटल इकाई ‘उड़ान’ (यूनिट फॉर डिजिटाइजेशन, ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड एप्लिकेशन नेटवर्किंग) के एआई उत्कृष्टता केंद्र द्वारा विकसित कई अनुप्रयोगों की शुरुआत की।
ये अनुप्रयोग वायुसेना के संचालन, प्रशासन और विमानन सुरक्षा से जुड़े कामकाज को स्वचालित बनाने और उनकी प्रक्रिया तेज करने में मदद करेंगे। इन्हें वायुसेना के सुरक्षित नेटवर्क पर इस्तेमाल किया जाएगा। यह पहल तकनीक के जरिए वायुसेना की कार्यक्षमता और परिचालन क्षमताओं को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस दो दिवसीय वायुसेना कमांडर्स कांफ्रेंस का विषय ‘सशक्तीकरण का वर्ष : विकेंद्रीकरण के जरिए अधिकतम कार्यक्षमता’ रखा गया है। इसमें वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी संचालन, रखरखाव और प्रशासन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं।
सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह, रक्षा उत्पादन सचिव संजीव कुमार और रक्षा वित्त सचिव विश्वजीत सहाय सहित वायुसेना के सभी कमानों के प्रमुख और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके साथ ही विभिन्न प्रणालियों के बीच बेहतर तालमेल और त्वरित कार्रवाई की क्षमता विकसित करना भी जरूरी बताया गया।
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बल इस समय बड़े बदलावों के दौर से गुजर रहे हैं। संगठनात्मक ढांचे, तीनों सेनाओं के बीच संयुक्तता और एकीकरण तथा सैन्य अभियानों की रणनीति में व्यापक सुधार किए जा रहे हैं। बदलते सुरक्षा माहौल में इन सुधारों को लगातार आगे बढ़ाना और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप सैन्य तैयारियों को मजबूत करना आवश्यक है। राजनाथ सिंह ने तकनीकी बदलावों के अनुरूप वायुसेना के जवानों के कौशल और क्षमताओं को लगातार विकसित करने की जरूरत पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि नई तकनीकों में प्रशिक्षित युवा अग्निवीरों के ज्ञान और विशेषज्ञता का बेहतर इस्तेमाल किया जाना चाहिए। इससे सैन्य निर्णय लेने की प्रक्रिया और संगठनात्मक विकास को मजबूती मिल सकती है।
--आईएएनएस
जीसीबी/एएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
