आईपीएल 2027 में पंत को ओपनर के तौर पर खेलते देखना चाहते हैं अभिनव मुकुंद, नटराजन के ट्रेड पर उठाए सवाल

आईपीएल 2027 में पंत को ओपनर के तौर पर खेलते देखना चाहते हैं अभिनव मुकुंद, नटराजन के ट्रेड पर उठाए सवाल
भारत के पूर्व बल्लेबाज अभिनव मुकुंद ने दिल्ली कैपिटल्स को अपने बैटिंग ऑर्डर पर फिर से विचार करने की सलाह दी है। ऋषभ पंत की टीम में वापसी के बाद मुकुंद का सुझाव है कि आईपीएल 2027 सीजन में विकेटकीपर-बल्लेबाज पंत को केएल राहुल के साथ ओपनिंग करनी चाहिए।

नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के पूर्व बल्लेबाज अभिनव मुकुंद ने दिल्ली कैपिटल्स को अपने बैटिंग ऑर्डर पर फिर से विचार करने की सलाह दी है। ऋषभ पंत की टीम में वापसी के बाद मुकुंद का सुझाव है कि आईपीएल 2027 सीजन में विकेटकीपर-बल्लेबाज पंत को केएल राहुल के साथ ओपनिंग करनी चाहिए।

मुकुंद का मानना ​​है कि दिल्ली के पास टॉप-3 में खेलने वाले खिलाड़ियों की भरमार है, लेकिन मिडिल-ऑर्डर के लिए स्पष्ट विकल्प कम हैं। ऐसे में नए सीजन के लिए टीम का कॉम्बिनेशन तैयार करते समय पंत की बैटिंग पोजीशन तय करना टीम मैनेजमेंट के लिए एक अहम फैसला होगा।

अपनी पसंद का ओपनिंग कॉम्बिनेशन बताते हुए मुकुंद ने कहा कि पंत की भूमिका टीम की कुल बैटिंग की जरूरतों के हिसाब से तय होनी चाहिए। उन्होंने दिल्ली के पास मौजूद टॉप-ऑर्डर खिलाड़ियों की ओर भी इशारा किया, जिनमें पृथ्वी शॉ, नीतीश राणा, अभिषेक पोरेल, पाथुम निसंका, करुण नायर और साहिल पारख शामिल हैं।

मुकुंद ने 'जियोस्टार' से कहा, "मैं चाहूंगा कि ऋषभ टॉप-3 में बल्लेबाजी करें। अगर दिल्ली कैपिटल्स इस समस्या को सुलझाना चाहती है, तो क्यों न पंत और राहुल से ओपनिंग कराई जाए? इस टीम के साथ मैं सबसे पहले यही करूंगा, क्योंकि मुझे मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाज खोजने में मुश्किल हो रही है, जबकि टॉप-ऑर्डर के लिए बहुत सारे विकल्प मौजूद हैं। पृथ्वी शॉ, नीतीश राणा, अभिषेक पोरेल, पाथुम निसंका, करुण नायर और साहिल पारख- ये सभी टॉप-3 में बल्लेबाजी करते हैं।"

हालांकि, मुकुंद ने यह भी माना कि पंत पहले दिल्ली के लिए मिडिल-ऑर्डर में काफी असरदार रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर टीम की योजना में फिट बैठता है, तो वह पंत को नंबर 4 पर भी खिला सकते हैं। मुकुंद ने अपने इस सुझाव में हाल के समय में नंबर 4 और 5 पर पंत के प्रदर्शन को और नए सपोर्ट स्टाफ के आने के बाद टीम की रणनीति में संभावित बदलावों को भी ध्यान में रखा है।

उन्होंने कहा, "फिर आप चाहेंगे कि ऋषभ पंत जैसा बल्लेबाज ऊपर आकर बल्लेबाजी करे, क्योंकि आपने उन्हें अभी ट्रेड किया है। आपने देखा है कि पिछले दो वर्षों में चौथे और पांचवें नंबर पर उन्हें कुछ खास सफलता नहीं मिली है। शायद दिल्ली में यह बदल जाए, क्योंकि दिल्ली के साथ अपने शुरुआती वर्षों में वह मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाज के तौर पर काफी सफल रहा था। इसी कारण अगर आप उसे चौथे नंबर पर खिलाना चाहते हैं, तो उसे वहीं खिलाएं। इसके बाद आप अपने पास मौजूद बाकी विकल्पों का इस्तेमाल कर सकते हैं। यहां नया सपोर्ट स्टाफ भी है- दादा (सौरव गांगुली), युवी (युवराज सिंह) और बाकी सभी। इसलिए, हमें नहीं पता कि उनकी रणनीति क्या है। हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा कि वे किस तरह की टीम बनाते हैं।"

बल्लेबाजी क्रम के अलावा, मुकुंद ने टी. नटराजन को जीशान अंसारी के बदले सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को ट्रेड करने के दिल्ली के फैसले पर भी सवाल उठाए। उन्हें लगा कि फ्रेंचाइजी के पास पहले से ही समान खूबियों वाले स्पिन-गेंदबाजी विकल्प मौजूद हैं, खासकर विपराज निगम। उन्होंने इस बात पर भी चिंता जताई कि अक्षर पटेल के साथ दिल्ली अपनी प्लेइंग इलेवन में कितने स्पेशलिस्ट स्पिनरों को शामिल कर सकती है।

अभिनव ने कहा कि उन्हें हैरानी हुई जब टी. नटराजन को रिलीज किया गया या फिर जीशान अंसारी के बदले ट्रेड कर दिया गया। उनके मुताबिक, दिल्ली कैपिटल्स के पास पहले से ही विपराज निगम जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं, जो लेग स्पिन के साथ बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा, "टीम में पहले से अक्षर पटेल और विपराज निगम हैं। ऐसे में सवाल है कि आप एक साथ कितने स्पिनरों को खिलाएंगे? इसलिए मुझे लगा कि इस ट्रेड से दिल्ली कैपिटल्स की तुलना में सनराइजर्स हैदराबाद को ज्यादा फायदा हुआ है। जीशान अंसारी को ट्रेड करने के पीछे की सोच मुझे समझ नहीं आई।"

अभिनव ने कहा, "मुझे बहुत हैरानी हुई जब उन्होंने नटराजन को रिलीज किया। उनके पास पहले से ही विपराज निगम हैं, जो काफी हद तक वैसे ही हैं- एक लेग-स्पिनर जो बल्लेबाजी भी कर सकता है। आप और कितने स्पिनरों को मैदान में उतारेंगे? इसी वजह से मुझे लगा कि इस ट्रेड से दिल्ली कैपिटल्स को जीशान अंसारी मिलने के बजाय सनराइजर्स हैदराबाद को ज्यादा फायदा हुआ। मुझे यह ट्रेड समझ नहीं आया।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story