अहमदाबाद पटाखा फैक्ट्री हादसा पीएम मोदी और सीएम भूपेंद्र पटेल ने जताया शोक, मृतकों व घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान
अहमदाबाद, 18 जुलाई (आईएएनएस)। गुजरात के अहमदाबाद के वस्त्राल इलाके में शनिवार को पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट और आग की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। दोनों नेताओं ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी संदेश में कहा कि अहमदाबाद की पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे में लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।
प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
वहीं, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद की पटाखा फैक्ट्री में हुआ हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से स्थानीय प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज और हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।
भूपेंद्र पटेल ने घोषणा की कि राज्य सरकार हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को चार-चार लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देगी।
गौरतलब है कि शनिवार को अहमदाबाद के वस्त्राल इलाके में रामोल-गतराड मार्ग पर स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट के बाद आग लग गई थी। हादसे में अब तक 5 व्यक्तियों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई है, जबकि करीब 15 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस फैक्ट्री में विस्फोट हुआ, उसके पास संचालन का वैध लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि फैक्ट्री बिना अनुमति के कैसे संचालित हो रही थी तथा सुरक्षा मानकों में किस स्तर पर लापरवाही बरती गई।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 July 2026 6:56 PM IST












