अहमदाबाद पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मृतकों की संख्या बढ़कर 9, राष्ट्रपति मुर्मु ने जताया शोक
अहमदाबाद, 18 जुलाई (आईएएनएस)। गुजरात के अहमदाबाद के वस्त्राल इलाके में शनिवार को एक अवैध पटाखा निर्माण इकाई में हुए भीषण विस्फोट और आग लगने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। नगर निगम के अनुसार, आठ लोगों की मौत एल.जी. अस्पताल में हुई, जबकि एक व्यक्ति ने सिविल अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में नौ लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
नगर निगम के मुताबिक, एल.जी. अस्पताल में एक गंभीर रूप से घायल मरीज का इलाज चल रहा है, जबकि चार अन्य घायलों का उपचार अहमदाबाद सिविल अस्पताल में किया जा रहा है।
यह हादसा शनिवार को रामोल-गतराड रोड पर रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) कैंप के पीछे स्थित एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज करीब पांच किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके के बाद फैक्ट्री में भीषण आग लग गई और इमारत का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे कई मजदूर मलबे में दब गए।
धमाके की आवाज सुनते ही पास स्थित आरएएफ कैंप के जवान सबसे पहले मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग के पहुंचने से पहले मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने का बचाव अभियान शुरू किया।
आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की पांच से अधिक गाड़ियों को लगाया गया। आग पर काबू पाने के बाद दोबारा आग भड़कने से रोकने के लिए कूलिंग ऑपरेशन जारी रखा गया। राहत एवं बचाव अभियान देर शाम तक जारी रहा और आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
घायलों को एल.जी. अस्पताल और अहमदाबाद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कई घायल गंभीर रूप से झुलसे हैं और उन्हें गहरी चोटें भी आई हैं।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि पटाखा निर्माण इकाई बिना वैध लाइसेंस के संचालित की जा रही थी। जांच में फैक्ट्री संचालक की पहचान मेहुल डोडिया के रूप में हुई है। अधिकारियों के अनुसार, फैक्ट्री का लाइसेंस पहले ही रद्द किया जा चुका था, लेकिन इसके बावजूद यहां कथित तौर पर पटाखों का निर्माण जारी था।
इस बीच, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "अहमदाबाद में पटाखों की एक फैक्ट्री में हुए विस्फोट में लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं अपनी गहरी शोक-संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा कर चुके हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 July 2026 9:18 PM IST












