एआई समिट प्रदर्शन मामला 18 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल
नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एआई समिट के दौरान हुए यूथ कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन मामले में दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को पटियाला हाउस कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की। इस चार्जशीट में कुल 18 आरोपियों को नामजद किया गया है, जिन पर समिट के दौरान हंगामा करने और सुनियोजित साजिश रचने के आरोप लगाए गए हैं।
चार्जशीट में यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदयभानु चिब को इस पूरे प्रकरण का मुख्य साजिशकर्ता बताया गया है। इसके अलावा, यूथ कांग्रेस से जुड़े श्री कृष्णा हरि, सिद्धार्थ अवधूत और मनीष शर्मा को भी इस मामले में प्रमुख आरोपी बनाया गया है। जांच एजेंसी का दावा है कि इन सभी ने मिलकर समिट के दौरान हंगामे की साजिश रची थी।
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच द्वारा दाखिल चार्जशीट में यह भी खुलासा किया गया है कि आरोपियों ने कथित तौर पर भारत सरकार को अंतरराष्ट्रीय मंच पर बदनाम करने के उद्देश्य से इस हंगामे की साजिश रची थी। जांच में यह भी कहा गया है कि विरोध-प्रदर्शन पूर्व नियोजित था और इसके लिए समन्वित तरीके से तैयारी की गई थी।
इससे पहले मार्च में पुलिस ने अदालत को बताया था कि दिल्ली में आयोजित इस एआई समिट में 100 से अधिक देशों ने हिस्सा लिया था, जिनमें 92 देश और यूरोपीय संघ के सदस्य भी शामिल थे। यह अपनी तरह का पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय एआई आयोजन था। पुलिस का आरोप है कि इस प्रदर्शन का मकसद इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की छवि को खराब करना था।
यह प्रदर्शन फरवरी में भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान हुआ था। घटना के दिन हाई सिक्योरिटी एरिया में कुल 12 लोग मौजूद थे, जिनमें से 9 लोगों ने शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया। मौके से 4 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 April 2026 10:16 PM IST












