आईपीएल 2026 कप्तान श्रेयस अय्यर का कमाल, डेविड वॉर्नर का तोड़ा बड़ा रिकॉर्ड

आईपीएल 2026 कप्तान श्रेयस अय्यर का कमाल, डेविड वॉर्नर का तोड़ा बड़ा रिकॉर्ड
आईपीएल 2026 के 17वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 6 विकेट से हराया। पंजाब किंग्स की इस जीत के नायक कप्तान श्रेयस अय्यर रहे, जिन्होंने सिर्फ 33 गेंदों में 69 रनों की दमदार पारी खेली। अय्यर ने बतौर कप्तान बल्लेबाजी करते हुए डेविड वॉर्नर का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

न्यू चंडीगढ़, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 17वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 6 विकेट से हराया। पंजाब किंग्स की इस जीत के नायक कप्तान श्रेयस अय्यर रहे, जिन्होंने सिर्फ 33 गेंदों में 69 रनों की दमदार पारी खेली। अय्यर ने बतौर कप्तान बल्लेबाजी करते हुए डेविड वॉर्नर का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

श्रेयस अय्यर कप्तान के तौर पर आईपीएल में 200 से ज्यादा रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे ज्यादा 50 से अधिक रनों की पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़ दिया है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 220 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अय्यर ने छठी बार आईपीएल में 50 से अधिक रनों की पारी खेली। वहीं, वॉर्नर ने बतौर कप्तान 5 बार 200 से ज्यादा रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 50 से अधिक रनों की पारी खेली है।

अय्यर इस मुकाबले में बेहतरीन लय में दिखाई दिए, और उन्होंने अपनी 69 रनों की दमदार पारी में 5 चौके और 5 छक्के लगाए। श्रेयस ने नेहल वढेरा के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 35 गेंदों में 69 रनों की अहम साझेदारी निभाई। वहीं, शशांक सिंह के साथ उन्होंने 16 गेंदों में 26 रनों की अटूट साझेदारी जमाते हुए पंजाब किंग्स को 6 विकेट से जीत दिलाई। अय्यर के अलावा पंजाब किंग्स की ओर से प्रियांश आर्या ने महज 20 गेंदों में 57 रनों की शानदार पारी खेली। प्रियांश ने अपनी इस पारी में 5 चौके और 5 छक्के लगाए। वहीं, प्रभसिमरन सिंह ने 25 गेंदों में 51 रनों की दमदार पारी खेली। प्रियांश-प्रभसिमरन ने पंजाब किंग्स की जीत की नींव रखी, और दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी निभाई।

इससे पहले, सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 219 रन लगाए। अभिषेक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों में 74 रनों की आतिशी पारी खेली। अभिषेक ने 264 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए अपनी इस पारी में 5 चौके और 8 छक्के लगाए। वहीं, ट्रेविस हेड ने 23 गेंदों में 38 रन बनाए। हेनरिक क्लासेन ने 33 गेंदों में 39 रनों का योगदान दिया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 April 2026 8:54 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story