आईपीएल 2026 आरसीबी के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद का पलड़ा भारी, जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड?

नई दिल्ली, 26 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन का पहला मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच 28 मार्च को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। आरसीबी के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद का पलड़ा भारी रहा है।
आईपीएल इतिहास में इन दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 26 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें से 13 मैच सनराइजर्स हैदराबाद ने जीते हैं, जबकि 11 मुकाबलों में आरसीबी को जीत नसीब हुई है। वहीं, 2 मुकाबले बेनतीजे रहे हैं। रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी का प्रदर्शन पिछले सीजन शानदार रहा था। आरसीबी ने 18 साल का सूखा खत्म करते हुए पहली बार खिताब को अपने नाम किया था।
कागज पर आरसीबी की टीम इस बार भी काफी दमदार नजर आ रही है। बल्लेबाजी में विराट कोहली और फिल साल्ट पिछले सीजन टीम को तूफानी शुरुआत देने में सफल रहे थे। कोहली-साल्ट की सलामी जोड़ी आगामी सीजन में भी टीमों के लिए बड़ा सिरदर्द बन सकती है। वहीं, देवदत्त पडिक्कल के लिए घरेलू सीजन कमाल का रहा है। पडिक्कल इस बार नंबर तीन पर खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं। टिम डेविड और जितेश शर्मा ने भी आईपीएल 2025 में अपनी आतिशी बल्लेबाजी से खासा प्रभावित किया था। वहीं, रोमारियो शेफर्ड और क्रुणाल पांड्या से इस सीजन भी टीम को धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। वेंकटेश अय्यर के आने से टीम का बल्लेबाजी क्रम अब और भी ज्यादा संतुलित दिख रहा है।
आरसीबी के लिए बुरी खबर यह है कि टीम के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड शुरुआती मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। हेजलवुड की गैरमौजूदगी में भुवनेश्वर कुमार के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी होगी। यश दयाल की सुविधाएं भी टीम को इस सीजन नहीं मिल पाएंगी। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी का प्रदर्शन भी आरसीबी टीम के लिए काफी महत्वपूर्ण होगा।
दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद एक बार फिर अपने टॉप ऑर्डर पर निर्भर होगी। अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड और ईशान किशन की तिकड़ी से हैदराबाद को दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान शुरुआती मुकाबलों में टीम की कमान संभालते हुए भी नजर आएंगे। हेनरिक क्लासन पिछले सीजन टीम की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। फिनिशर के तौर पर अनिकेत वर्मा आईपीएल 2025 में अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी से खासा प्रभावित किया था। नीतीश कुमार रेड्डी इस सीजन शानदार प्रदर्शन के बूते छाप छोड़ना चाहेंगे, जबकि लियाम लिविंगस्टन से भी हैदराबाद टीम को काफी उम्मीदें होंगी।
सनराइजर्स हैदराबाद का बॉलिंग अटैक काफी कमजोर नजर आ रहा है। कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान मलिंगा, हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट तेज गेंदबाजी अटैक की कमान संभालेंगे। स्पिनर के तौर पर भी सनराइजर्स हैदराबाद के पास कोई बड़ा नाम मौजूद नहीं है। युवा स्पिनर जीशान अंसारी आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करना चाहेंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 March 2026 8:19 AM IST












