अजीत वाडेकर वेस्टइंडीज-इंग्लैंड की धरती पर पहली टेस्ट सीरीज जिताने वाले भारतीय कप्तान

अजीत वाडेकर वेस्टइंडीज-इंग्लैंड की धरती पर पहली टेस्ट सीरीज जिताने वाले भारतीय कप्तान
अजीत वाडेकर, भारतीय क्रिकेट का एक ऐसा कप्तान जिन्होंने देश को विदेशी सरजमीं पर जीतने का हुनर सिखाया। अजीत ने अपनी कप्तानी में भारतीय टीम में वो जज्बा जगाया, जिसके बूते टीम ने वेस्टइंडीज और इंग्लैंड का पहली बार किला भेदा। वाडेकर जितने अच्छे कप्तान थे, उतने ही शानदार बल्लेबाज भी रहे। वाडेकर की क्रिकेट की दुनिया में आने की कहानी भी काफी दिलचस्प है।

नई दिल्ली, 31 मार्च (आईएएनएस)। अजीत वाडेकर, भारतीय क्रिकेट का एक ऐसा कप्तान जिन्होंने देश को विदेशी सरजमीं पर जीतने का हुनर सिखाया। अजीत ने अपनी कप्तानी में भारतीय टीम में वो जज्बा जगाया, जिसके बूते टीम ने वेस्टइंडीज और इंग्लैंड का पहली बार किला भेदा। वाडेकर जितने अच्छे कप्तान थे, उतने ही शानदार बल्लेबाज भी रहे। वाडेकर की क्रिकेट की दुनिया में आने की कहानी भी काफी दिलचस्प है।

अजीत वाडेकर का जन्म एक अप्रैल 1941 को मुंबई में हुआ। अजीत पढ़ाई में काफी अच्छे थे और वह इंजीनियर बनना चाहते थे। अजीत का दूर-दूर तक क्रिकेट से कोई नाता नहीं था। हालांकि, प्रतिदिन 3 रुपये कमाने की चाहत ने उन्हें पहली बार मैदान पर उतारा और उसके बाद जो हुआ, वो इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया। दरअसल, भारत के पूर्व क्रिकेटर बालू गुप्ते कॉलेज में अजीत के सीनियर हुआ करते थे। बालू कॉलेज टीम की तरफ से खेला करते थे और उन्होंने अजीत को 12वें खिलाड़ी के तौर पर टीम में शामिल होने का ऑफर दिया था।

कॉलेज टीम की प्लेइंग इलेवन तो दमदार थी लेकिन उनके पास पानी पिलाने के लिए कोई खिलाड़ी नहीं था और इसके लिए अजीत वाडेकर को चुना गया। अजीत को प्रतिदिन के लिए 3 रुपए दिए जाते थे। वाडेकर को 22 गज की पिच पर खेला जाने वाला यह खेल पसंद आने लगा और उन्होंने भी कॉलेज की टीम से खेलना शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

अजीत ने इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के लिए अपना डेब्यू साल 1966 में वेस्टइंडीज के खिलाफ किया। उस दौर में विदेशी सरजमीं पर एक मैच तक जीतना भारतीय टीम के लिए किसी सपने के सच होने जैसा था। अजीत की बल्लेबाजी में दमखम को देखते हुए उन्हें भारतीय टीम की कप्तानी सौंप दी गई। साल 1971 में अजीत वाडेकर की कप्तानी में भारतीय टीम वेस्टइंडीज गई और इतिहास रचकर वतन लौटी। अजीत की अगुवाई में भारतीय टीम ने पांच मैचों की टेस्ट सीरीज को 1-0 से अपने नाम किया। यह वेस्टइंडीज की धरती पर भारत की पहली टेस्ट सीरीज जीत रही।

इसी साल जुलाई और अगस्त के महीने में भारतीय टीम ने इंग्लैंड की धरती पर भी वो कारनामा करके दिखाया, जो आज से पहले कभी नहीं हो सका था। अजीत की कप्तानी में टीम तीन मैचों की सीरीज को 1-0 से अपने नाम करने में सफल रही। भारतीय टीम ने सीरीज का आखिरी टेस्ट जीता, जो इंग्लैंड में भारत की पहली टेस्ट जीत भी रही।

अजीत वाडेकर ने भारत की ओर से कुल 37 टेस्ट मैच खेले और इस दौरान उन्होंने 2,113 रन बनाए। उन्होंने एक शतक और 14 अर्धशतक लगाए। अजीत ने भारत के लिए कुल 2 वनडे मुकाबलों में 73 रन बनाए। अजीत वाडेकर को 1967 में 'अर्जुन अवॉर्ड' से नवाजा गया। वहीं, 1972 में उन्हें पद्म श्री से भी सम्मानित किया गया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   31 March 2026 3:14 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story