अखिलेश की चुनौती पर स्वतंत्र देव का पलटवार, बोले- सपा ने लूटा, एनडीए ने विकास किया
लखनऊ, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राजनीतिक पार्टियों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। योगी सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने दावा किया है कि सपा सरकार में प्रदेश को लूटा गया, जबकि एनडीए की सरकार में प्रदेश ने विकास देखा है।
लखनऊ में आईएएनएस से बातचीत में स्वतंत्र देव सिंह ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के उस बयान पर जोरदार पलटवार किया है, जिसमें सपा चीफ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी। अखिलेश ने दावा किया कि अगर वे जीत को लेकर इतने ही आश्वस्त हैं तो चुनाव लड़ लें।
अखिलेश के बयान पर मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि वो कब क्या कहते हैं, क्या करते हैं, वो खुद ही जानते हैं। यह प्रदेश की जनता को भी मालूम है कि सपा एक वंशवादी पार्टी है, जब-जब सत्ता में रही, राज्य को लूटा है। विकास का उनका कोई एजेंडा नहीं है। सपा के राज में कानून ध्वस्त, गुंडागर्दी चरम सीमा पर थी। इनकी सरकार में लूट-खसोट से जनता परेशान थी। इसीलिए जनता ने उन्हें सत्ता की कुर्सी से हटाया और योगी आदित्यनाथ की सरकार बनाई। एनडीए सरकार आने के बाद प्रदेश में विकास हो रहा है। पर्यटन के क्षेत्र में काफी विकास हुआ, देसी ही नहीं विदेशी पर्यटक भी यूपी आ रहे हैं। हमारी सरकार में राम मंदिर का निर्माण हुआ, दंगा मुक्त प्रदेश में कानून का राज है।
'जेवर एयरपोर्ट' का नाम 'नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट' किए जाने पर उन्होंने खुशी जाहिर की।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का व्यक्तित्व, कृतित्व, गांव की खुशहाली के लिए, गरीब की खुशहाली के लिए, युवाओं की खुशहाली के लिए और महिलाओं की खुशहाली के लिए समर्पित है। बहुत बधाई देना चाहता हूं कि जेवर एयरपोर्ट का नाम नरेंद्र मोदी के नाम पर रखा गया है। इसे पूरे कैबिनेट ने सर्वसम्मति से पास किया है। पीएम मोदी का जीवन देश के प्रति समर्पित है। वह किसानों, युवाओं, महिलाओं की भलाई के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे कर लिए हैं। इन वर्षों को ध्यान से देखें तो उन्होंने हमेशा राष्ट्र को प्रथम रखा है। देश में जी-20 सम्मेलनों से देश का सम्मान बढ़ा है। भारत तकनीक के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Oct 2026 7:46 PM IST












