- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पवई
- /
- जन विश्वास शिविर: छिर्रहा-टिकरिया...
पवई न्यूज: जन विश्वास शिविर: छिर्रहा-टिकरिया में 204 आवेदन मिले, हितग्राहियों को बांटे योजनाओं के लाभ

डिजिटल डेस्क पवई। ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण करने और उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को जनपद पंचायत पवई की ग्राम पंचायत छिर्रहा और टिकरिया में जन विश्वास शिविर आयोजित किए गए। शिविर में ग्रामीणों ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी समस्याओं व मांगों से संबंधित आवेदन अधिकारियों के सामने रखे। दोनों शिविरों में कुल 204 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें ग्राम पंचायत छिर्रहा में 107 और टिकरिया में 97 आवेदन शामिल हैं।
कलेक्टर-एसपी सहित जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
शिविर में कलेक्टर उषा सिंह परमार, एसपी निवेदिता नायडू, जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे , जनपद पंचायत अध्यक्ष पवई मोहनी आनंद मिश्रा, एसडीएम समीक्षा जैन, एसडीओपी शिवा पाठक, जनपद सीईओ अखिलेश उपाध्याय और तहसीलदार रत्नराशी पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा नेता पुष्पेन्द्र पटेल, नगर परिषद अध्यक्ष बसंत दहायत, भाजपा नेता दीपेन्द्र सिंह और भाजपा मंडल अध्यक्ष निधि पटेरिया भी शिविर में शामिल हुए।
पेंशन से लेकर साइकिल वितरण तक मिला लाभ
शिविर में अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया। वहीं, विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए। पंचायत स्तर पर पेंशन, राष्ट्रीय परिवार सहायता, अनुग्रह सहायता और लाड़ली लक्ष्मी योजना के हितलाभ दिए गए। इसके साथ ही स्कूली छात्र-छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं।
आवेदनों के निराकरण में लापरवाही न हो-
कलेक्टर उषा सिंह परमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए। पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशान न होना पड़े।
Created On :   9 Oct 2026 7:33 PM IST












