राम मंदिर चढ़ावा मामले में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार का किया घेराव
लखनऊ, 8 जुलाई (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर धर्म और अर्थव्यवस्था दोनों मोर्चों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल के दाम कम नहीं कर रही है और कंपनियों को लाभ पहुंचा रही है।
उन्होंने राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर सामने आए विवाद का जिक्र करते हुए दावा किया कि इससे भाजपा की 'धर्म और धन की राजनीति' दोनों का अंत हो गया है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि दुनिया के कई देशों में कच्चे तेल की कीमतें घटने का लाभ आम लोगों को मिला है, लेकिन भारत में केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में उसी अनुपात में राहत नहीं दी।
उनका आरोप है कि भाजपा सरकार आम जनता के बजाय तेल कंपनियों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि देश में तेल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतें मांग और आपूर्ति के सामान्य आर्थिक सिद्धांतों से नहीं, बल्कि भाजपा के 'भ्रष्ट अर्थशास्त्र' से तय हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि महंगाई बढ़ने का कारण सरकार की कथित कमीशनखोरी है, जिसका बोझ आम जनता को महंगे ईंधन, परिवहन, खाद्य पदार्थों और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के रूप में उठाना पड़ रहा है।
अखिलेश यादव ने राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े विवाद का उल्लेख करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण के बाद उन लोगों का भी भ्रम टूट गया है, जो मानते थे कि भाजपा इस तरह के कार्य नहीं कर सकती।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लिए अब 'धन ही धर्म' बन गया है। सपा प्रमुख ने दावा किया कि चढ़ावे, चंदे और दान से जुड़े कथित विवादों के सामने आने के बाद भाजपा की धर्म आधारित राजनीति कमजोर पड़ गई है।
उनका कहना था कि अब भाजपा केवल धन की राजनीति करेगी, जिससे भ्रष्टाचार और महंगाई दोनों बढ़ेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनसमर्थन में आई कमी को धनबल के जरिए पूरा करने की कोशिश करेगी, लेकिन देश की धार्मिक आस्था रखने वाली जनता कथित तौर पर ऐसे धन को स्वीकार नहीं करेगी। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की 'धर्म और धन' दोनों की राजनीति अब समाप्ति की ओर है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 July 2026 8:46 PM IST












