बच के चलना रे बाबा ...: बारिश में मुसीबत बन रहीं है सीमेंटेड सड़कों के बीच की कटिंग, मामूली चूक बन सकती है बड़े हादसे की वजह - इस तरह रहें सतर्क

बारिश में मुसीबत बन रहीं है सीमेंटेड सड़कों के बीच की कटिंग, मामूली चूक बन सकती है बड़े हादसे की वजह - इस तरह रहें सतर्क
  • कटिंग में अधूरी फिलिंग से बढ़ा खतरा, सबसे ज्यादा जोखिम में दोपहिया चालक
  • मानकापुर पावर ग्रिड चौक पर स्कूटर सवार बाल-बाल बचा
  • 40-50 सेकेंड तक बिगड़ता रहा संतुलन
  • बारिश में धीमी रफ्तार और सतर्कता ही सुरक्षा की सबसे बड़ी गारंटी

Nagpur News. शहर में करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई गई चौड़ी सीमेंटेड सड़कें लोगों की सुविधा के लिए तैयार की गई, लेकिन निर्माण के बाद सड़क के बीच की कटिंग में उचित भराई नहीं होने से यही सड़कें अब मुसीबत का सबब बनती जा रही हैं। बरसात के मौसम में इन कटिंग्स में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक साबित हो रही है।


ऐसा ही एक मामला उत्तर नागपुर स्थित मानकापुर पावर ग्रिड चौक पर सामने आया। यहां से गुजर रहे एक स्कूटर चालक ने बताया कि सड़क पर सामान्य गति से वाहन चलाते समय अचानक स्कूटर का पिछला पहिया सड़क की कटिंग में फंसने लगा। करीब 40 से 50 सेकेंड तक वाहन का संतुलन बिगड़ता रहा और एक पल तो ऐसा लगा कि अब स्कूटर पूरी तरह अनियंत्रित होकर गिर जाएगा। चालक ने किसी तरह संतुलन बनाकर खुद को संभाला, हालांकि इस दौरान उसके पैर में हल्की चोट भी आई। उसका कहना था कि यदि पीछे कोई भारी वाहन होता या सड़क पर अधिक ट्रैफिक होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। बारिश के दौरान सीमेंटेड सड़कें पहले ही फिसलन भरी हो जाती हैं।


बारिश में दोपहिया वाहन चलाते समय रखें ये सावधानियां

  • वाहन हमेशा धीमी और नियंत्रित गति से चलाएं।
  • सड़क पर पानी भरे हिस्सों और कटिंग के ऊपर से गुजरते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतें।
  • आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें।
  • अचानक ब्रेक लगाने या तेज मोड़ लेने से बचें।
  • टायर और ब्रेक की नियमित जांच कराएं।
  • बारिश में हेडलाइट जलाकर चलें, ताकि आपकी मौजूदगी अन्य वाहन चालकों को दिखाई दे।
  • यदि सड़क की स्थिति संदिग्ध लगे तो जल्दबाजी न करें और सुरक्षित गति से ही आगे बढ़ें।


जानकारों का मानना है कि बारिश के मौसम में थोड़ी-सी सावधानी और समय पर सड़क मरम्मत, दोनों मिलकर कई गंभीर सड़क हादसों को टाल सकते हैं।

Created On :   8 July 2026 9:27 PM IST

Tags

Next Story