विधानसभा: महाराष्ट्र में कमर्शियल बाइक और टैक्सी चालकों को लाइसेंस के लिए डोमिसाइल होगा अनिवार्य - सरनाईक

महाराष्ट्र में कमर्शियल बाइक और टैक्सी चालकों को लाइसेंस के लिए डोमिसाइल होगा अनिवार्य - सरनाईक
  • 1 अगस्त से लागू करने की तैयारी
  • विधानसभा में परिवहन मंत्री का बयान

Mumbai News. महाराष्ट्र सरकार राज्य में कमर्शियल परिवहन क्षेत्र में बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि 1 अगस्त 2026 से राज्य में कमर्शियल टू-व्हीलर (बाइक टैक्सी) और फोर-व्हीलर (टैक्सी) चालकों को लाइसेंस के लिए महाराष्ट्र का डोमिसाइल (निवास प्रमाणपत्र) अनिवार्य किया जाएगा। सरकार इस संबंध में नई नियमावली तैयार कर रही है, जिसे जुलाई के अंत तक मंजूरी मिलने की उम्मीद है। विधानसभा के प्रश्नकाल के दौरान शिवसेना (शिंदे) विधायक दिलीप लांडे ने राज्य में अवैध बाइक टैक्सियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इनके कारण रिक्शा और टैक्सी चालकों का रोजगार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने सरकार से पूछा कि अवैध रूप से चल रही इन गाड़ियों पर क्या कार्रवाई की जाएगी।

जवाब में परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने स्वीकार किया कि राज्य में बड़ी संख्या में अवैध बाइक टैक्सियां चल रही हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्य में लगभग 4 से 4.5 लाख अवैध बाइक टैक्सियां सड़कों पर दौड़ रही हैं, जिससे सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार बाइक टैक्सी सेवा को नियमित करने के लिए नई नीति बना रही है और इसी के तहत केवल महाराष्ट्र का वैध डोमिसाइल रखने वालों को ही बैज दिया जाएगा और कमर्शियल बाइक टैक्सी और टैक्सी चलाने की अनुमति दी जाएगी। सरनाईक ने बताया कि इस संबंध में प्रस्ताव फिलहाल विधि एवं न्याय विभाग के पास विचाराधीन है और जुलाई के अंत तक मंजूरी मिलने की संभावना है।

इस दौरान शिवसेना (उद्धव) विधायक सुनील प्रभु ने कहा कि कई बाइक टैक्सी चालक नशे की हालत में वाहन चलाते हैं, जिससे यात्रियों की जान जोखिम में पड़ सकती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जोमैटो और स्विगी जैसे प्लेटफॉर्म से जुड़े कई दोपहिया वाहन भी नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं और सरकार से स्थायी समाधान की मांग की। इस पर मंत्री सरनाईक ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और यदि जोमैटो, स्विगी या अन्य किसी प्लेटफॉर्म से जुड़े वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विधायक अजय चौधरी ने ऐप-आधारित टैक्सी सेवाओं में बाहरी राज्यों के चालकों की बढ़ती संख्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि ओला और उबर के कई चालक न तो मराठी जानते हैं और न ही हिंदी, जिससे यात्रियों को परेशानी होती है। इस पर परिवहन मंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र में मराठी भाषा का सम्मान होना चाहिए और सरकार स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से डोमिसाइल अनिवार्य करने का निर्णय ले रही है। उन्होंने बताया कि टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर कमर्शियल चालकों के लिए नई बैज प्रणाली और नियमावली भी लागू की जाएगी।यदि प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी मिल जाती है, तो 1 अगस्त 2026 से महाराष्ट्र में कमर्शियल बाइक टैक्सी और टैक्सी चालक बनने के लिए महाराष्ट्र का डोमिसाइल प्रमाणपत्र अनिवार्य होगा

Created On :   7 July 2026 6:47 PM IST

Tags

Next Story