Nagpur News: वाराणसी से नागपुर लौट रहे महिला व परिवार ने दानापुर एक्सप्रेस में झेला उत्पीड़न

वाराणसी से नागपुर लौट रहे महिला व परिवार ने दानापुर एक्सप्रेस में झेला उत्पीड़न
पीड़ित का आरोप- हेल्पलाइन, आरपीएफ और टीटीई ने नहीं दी राहत

Nagpur News वाराणसी से नागपुर लौट रहे एक परिवार का रेल सफर कथित तौर पर डर और बेबसी में बदल गया। पीड़ित परिवार ने नागपुर रेलवे पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया है कि ट्रेन में चढ़ते समय करीब 6 अज्ञात लोगों ने महिला के साथ छेड़छाड़, गाली-गलौज और नाबालिग के साथ मारपीट की। सबसे गंभीर आरोप यह है कि पूरी घटना के दौरान रेलवे हेल्पलाइन पर सूचना देने के बावजूद आरपीएफ और बाद में टीटीई ने भी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।

आरपीएफ के जवान बिना कार्रवाई किए लौट गए : शिकायत के अनुसार, 3 जुलाई की शाम करीब 5 बजे पीड़ित परिवार वाराणसी से ट्रेन नंबर 12792 दानापुर एक्सप्रेस के एस-4 कोच में अपनी आरक्षित सीटों पर सवार हो रहा था। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर करीब 6 अज्ञात व्यक्तियों ने 29 वर्षीय महिला के साथ कथित छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार किया, जबकि 17 वर्षीय युवक के साथ मारपीट की गई। पीड़िता ने तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि वाराणसी बाईपास के पास आरपीएफ के जवान ट्रेन में पहुंचे, लेकिन आरोपियों के पास वैध टिकट होने का हवाला देते हुए उनके खिलाफ कोई कार्रवाई किए बिना लौट गए।

ट्रेन का टीटीई बस आश्वासन देकर शांत कर दिया : शिकायत में यह भी कहा गया है कि बाद में पीड़ित परिवार ने एसी कोच में मौजूद टीटीई दीपक कुमार से मदद मांगी। उन्होंने सतना स्टेशन पर व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया, लेकिन सतना पहुंचने पर परिवार को ट्रेन से उतार दिया गया। इसी दौरान ट्रेन चल पड़ने से वे दोबारा अपने स्लीपर कोच में लौट आए। पीड़ित का आरोप है कि वाराणसी से सतना तक लगातार मानसिक प्रताड़ना झेलने के बावजूद उन्हें न तो सुरक्षा मिली और न ही आरोपियों पर कोई कार्रवाई हुई। पीड़ित ने नागपुर रेलवे पुलिस से आरोपियों, संबंधित आरपीएफ कर्मियों तथा टीटीई के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले में रेलवे पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर जांच शुरू करने की बात कही है।


Created On :   7 July 2026 4:08 PM IST

Tags

Next Story