शिंदे पर जोरदार हमला: मुंबई की हालत देखने रेनकोट पहनकर निकलें मुख्यमंत्री, मिसिंग लिंक परियोजना में हुआ भ्रष्टाचार - राऊत

मुंबई की हालत देखने रेनकोट पहनकर निकलें मुख्यमंत्री, मिसिंग लिंक परियोजना में हुआ भ्रष्टाचार - राऊत
  • भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी से परियोजनाएं बर्बाद
  • मिसिंग लिंक परियोजना में हुआ भ्रष्टाचार

Mumbai News. शिवसेना (उद्धव) सांसद संजय राऊत ने राज्य की मौजूदा स्थिति, भारी बारिश, मुंबई की बदहाल व्यवस्था और ‘मिसिंग लिंक’ परियोजना को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर जोरदार हमला बोला। राऊत ने कहा कि मुंबई की आर्थिक राजधानी होने के बावजूद उसकी हालत बेहद खराब हो चुकी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को रेनकोट पहनकर शहर का दौरा करना चाहिए ताकि उन्हें असलियत दिखाई दे। राऊत ने कहा की विकास का बहुत ढिंढोरा पीटा जाता है, लेकिन विकास के नाम पर दलाली किस हद तक पहुंच चुकी है, यह देखना हो तो लोग जाकर मिसिंग लिंक परियोजना की हालत देखें। मुख्यमंत्री पढ़े-लिखे व्यक्ति हैं, लेकिन वे कह रहे हैं कि वहां सिर्फ दो गड्ढे पड़े हैं। सच यह है कि पूरा मिसिंग लिंक ध्वस्त हो चुका है।

कमीशन खोरी से परियोजनाएं हुईं बर्बाद

राऊत ने आरोप लगाया कि राज्य में विकास परियोजनाओं के नाम पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों से पहले ही 30 से 35 प्रतिशत कमीशन लिया जाता है और फिर अपने पसंदीदा ठेकेदारों को काम सौंपे जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि इसी भ्रष्टाचार का नतीजा है कि भारी बारिश में सड़कें बह रही हैं और परियोजनाएं धराशायी हो रही हैं। राऊत ने शिंदे पर तंज कसते हुए कहा कि इतना विकास हुआ है कि उसके झटके से उपमुख्यमंत्री अस्पताल पहुंच गए।

मुंबई में लोग मर रहे, नेता समारोहों में व्यस्त

संजय राऊत ने मुंबई में बारिश के दौरान हुई मौतों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों कई लोगों की जान गई, लेकिन प्रशासन संवेदनहीन बना रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि जब मुंबई में लोग मुश्किलों से जूझ रहे थे, तब शहर के महापौर और भाजपा नेता फोटो खिंचवाने और निजी कार्यक्रमों में व्यस्त थे। राऊत ने कहा कि एक तरफ लोग रो रहे हैं, दूसरी तरफ सत्ता पक्ष के नेता हंसते हुए नजर आ रहे हैं।

उधर प्रदेश भाजपा मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने राऊत के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि जब पूरी मुंबई एकजुट है और नैसर्गिक आपदा का सामना कर रही है उस समय भी राऊत को राजनीति करने की सूझ रही है। बन ने कहा कि राऊत को पहले 25 साल की लूट का हिसाब देना चाहिए।

Created On :   6 July 2026 10:05 PM IST

Tags

Next Story