Nagpur News: दोस्त की गर्लफ्रेंड को हाय कहना पड़ा भारी, बीच-बचाव करने वाले युवक को बेरहमी से पीटा

दोस्त की गर्लफ्रेंड को हाय कहना पड़ा भारी, बीच-बचाव करने वाले युवक को बेरहमी से पीटा
  • इंस्टाग्राम चैट से भड़का विवाद
  • पीछा कर तीन युवकों ने किया हमला;
  • हुडकेश्वर पुलिस ने दर्ज किया मामला

Nagpur News दोस्त की गर्लफ्रेंड को इंस्टाग्राम पर महज "हाय" मैसेज भेजने से शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। इतना ही नहीं, झगड़ा शांत कराने वाले युवक को भी बाद में तलाशकर तीन युवकों ने बेरहमी से पीट दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की शिकायत पर हुडकेश्वर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, करण नरेंद्र सोनबापने (18) निवासी हुडकेश्वर इस हमले में घायल हुआ है। मामले में राहुल साहू (20), कृष्णा साहू (19) और लक्की साहू (18) निवासी जुना नरसाला को आरोपी बनाया गया है।

जांच में सामने आया कि करण और राहुल आपस में मित्र हैं। राहुल ने अपनी प्रेमिका की पहचान करण और अपने दूसरे मित्र कार्तिक माडवे से कराई थी। 28 जून को कार्तिक ने राहुल की प्रेमिका को इंस्टाग्राम पर "हाय" मैसेज भेज दिया। दोनों के बीच हुई चैट राहुल के हाथ लग गई। प्रेमिका ने राहुल से शिकायत की कि कार्तिक उसे प्रेमजाल में फंसाने की कोशिश कर रहा है। इससे नाराज राहुल ने कार्तिक को एक चौक पर पकड़ लिया और थप्पड़ मारते हुए उससे जवाब-तलब शुरू कर दिया। इस दौरान करण ने बीच-बचाव किया और राहुल को मारपीट करने से रोक दिया। इसी दौरान कथित रूप से करण ने राहुल से कहा कि "तुम्हारी प्रेमिका ही उसके प्यार में पड़ गई है।" यह बात राहुल को नागवार गुजर गई। इसके बाद राहुल ने अपने साथी कृष्णा और लक्की के साथ मिलकर करण की तलाश शुरू कर दी।

करण का पीछा कर मारपीट : सोमवार आधी रात को न्यू ओम नगर में करण अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से जा रहा था, तभी आरोपियों ने उसका पीछा कर उसे रोक लिया। कार्तिक का पक्ष लेने का आरोप लगाते हुए तीनों ने करण की जमकर पिटाई कर दी। अंधेरे का फायदा उठाकर करण के दोनों साथी वहां से भाग निकले। घटना में घायल करण की शिकायत पर हुडकेश्वर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


Created On :   7 July 2026 4:50 PM IST

Tags

Next Story