- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नरखेड़ के उपजिला अस्पताल का होगा...
Nagpur News: नरखेड़ के उपजिला अस्पताल का होगा श्रेणीवर्धन, सरकार से मिली हरी झंडी

Nagpur News जिले के नरखेड़ के उप जिला अस्पताल का श्रेणीवर्धन किया जाएगा। राज्य सरकार ने इसकी 30 बेड की क्षमता बढ़ाकर 50 बेड करने के प्रस्ताव को प्रशासकीय मंजूरी दी है। उपजिला अस्पताल की नई इमारत निर्माण के लिए 27 करोड़ 13 लाख 57 हजार रुपये के अनुमानित व्यय को प्रशासनिक मंजूरी प्रदान कर दी है। सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग ने 29 जून 2026 को इस संबंध में अधिसूचना जारी है। फरवरी 2024 में इस अस्पताल का श्रेणीवर्धन का निर्णय लिया गया था। दो साल से अधिक समय बीतने के बाद सरकार ने इस पर सकारात्मक पहल की है।
दो मंजिला आधुनिक इमारत में सुविधाएं : अस्पताल की नई इमारत दाे मंजिला होगी। भवन का कुल निर्मित क्षेत्रफल 5150 वर्गमीटर होगा। अस्पताल का निर्माण इंडियन पब्लिक हेल्थ स्टैंडर्ड (आईपीएचएस) के मानकों के अनुरूप किया जाए। भवन में मेडिकल ऑक्सीजन पाइपलाइन, एयर कंडीशनिंग की व्यवस्था, डक्ट सिस्टम, दिव्यांगजनों के लिए रैंप, पाथवे और अन्य आवश्यक सुविधाएं शामिल होगी। निर्माण शुरू करने से पहले सभी प्रमुख विभागों से मंजूरी लेना अनिवार्य है। एकीकृत ई-टेंडर जारी कर निर्माण होगा। निर्माण के दौरान पर्यावरण विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। निर्माण समीक्षा की जिम्मेदारी उपसंचालक स्वास्थ्य सेवा, जिला शल्य चिकित्सक तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सौंपी है।
यह भी पढ़े -सगाई की खबर मिलते ही प्रेमिका पहुंची थाने, फेसबुक पर हुई थी दोस्ती, शादी का झांसा देकर रेप का आरोप
नरखेड व आसपास के क्षेत्र को मिलेगा बड़ा लाभ : 50 बिस्तरों वाले आधुनिक उपजिला अस्पताल के निर्माण से नरखेड़ तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को लाभ मिलेगा। अस्पताल में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। गंभीर मरीजों को नागपुर रेफर करने की आवश्यकता कम होगी तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, आपातकालीन सेवाओं और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं का भी विस्तार होगा। यह परियोजना ग्रामीण स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
यह भी पढ़े -लकड़गंज जोन कार्यालय में रेन वाटर हार्वेस्टिंग का शुभारंभ, महापौर नीता ठाकरे ने किया लोकार्पण
Created On :   7 July 2026 4:19 PM IST










