- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- महिला ने सर्राफा व्यापारी को लाखों...
पर्दाफाश: महिला ने सर्राफा व्यापारी को लाखों की चपत लगाई, जमानत पर छूटने के बाद फिर की चोरी

Nagpur News. सर्राफा दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। चोरी के मामले में पहले भी कई बार जेल जा चुकी एक महिला ने जमानत पर रिहा होने के बाद फिर वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में अजनी पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर मंगलवार को अदालत में पेश किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोनाली प्रमोद कावडकर (38), निवासी नरसाला रोड के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह सर्राफा दुकानों में चोरी करने की शातिर आरोपी है और उसके खिलाफ पहले से नंदनवन, पारड़ी, हुड़केश्वर तथा अजनी थानों में भी इसी तरह के मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, 23 मई से 18 जून 2026 के बीच मोनाली ने रामेश्वरी रोड स्थित काशी नगर के साहिल ज्वेलर्स से करीब 12 लाख 75 हजार रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चोरी कर लिए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि मोनाली चोरी के लिए एक खास तरीका अपनाती थी। वह ग्राहक बनकर सर्राफा दुकान में जाती, पहले आभूषण खरीदने का बहाना करती और फिर अलग-अलग डिजाइनों के गहने दिखाने के लिए दुकानदार से कहती। जब दुकानदार अन्य आभूषण निकालने या किसी कारणवश दूसरी ओर ध्यान देता, तब वह मौके का फायदा उठाकर कीमती आभूषण चुरा लेती थी।
पुलिस के अनुसार, इसी तरीके से वह कई सर्राफा व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा चुकी है। कुछ दिन पहले नंदनवन पुलिस ने भी उसे इसी प्रकार के एक मामले में गिरफ्तार किया था। जमानत पर रिहा होने के बाद उसने साहिल ज्वेलर्स में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अजनी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित अदालत में पेश किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
Created On :   7 July 2026 6:15 PM IST











