- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नागपुर की दुकान में क्यूआर कोड से...
Nagpur News: नागपुर की दुकान में क्यूआर कोड से छेड़छाड़ कर बेचा जा रहा था एशियन पेंट

Nagpur News शहर में नकली और संदिग्ध उत्पादों के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इमामवाड़ा थाना क्षेत्र स्थित एक हार्डवेयर दुकान में एशियन पेंट के डिब्बों पर लगे क्यूआर कोड से छेड़छाड़ कर उन्हें बेचने के कथित खेल का खुलासा किया है। इस मामले में दुकान संचालक के खिलाफ कॉपीराइट कानून और अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। शिकायत एशियन पेंट्स कंपनी के मैनेजर सुभाष हरिचंद्र जायसवाल ने दर्ज कराई। वे कंपनी की ओर से बाजार में बिक रहे उत्पादों की जांच कर रहे थे।
सूचना मिलने पर उन्होंने पुलिस के साथ चंदन नगर स्थित जय पेंट्स एंड हार्डवेयर की जांच की। निरीक्षण के दौरान दुकान में रखे 20 लीटर क्षमता वाले कुल 40 एशियन पेंट्स के डिब्बों की जांच की गई। जांच में सामने आया कि कई डिब्बों पर कंपनी के मूल क्यूआर कोड को रंग लगाकर मिटा दिया गया था। इतना ही नहीं, क्यूआर कोड में छेड़छाड़ कर उसकी पहचान बदलने का प्रयास भी किया गया था। पुलिस का मानना है कि ऐसा ग्राहकों को गुमराह कर आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से किया गया। इस मामले में दुकान संचालक दिलीप तोलाराम कामनानी (53) के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम, 1957 की धारा 51 और 63 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने संबंधित पेंट के डिब्बों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। अब यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्यूआर कोड से छेड़छाड़ कर उत्पाद कहां से लाए गए और क्या इसी तरीके से अन्य दुकानों में भी बिक्री की जा रही थी।
यह भी पढ़े -ब्रांडिंग में जुटा महावितरण, बढ़े हुए बिजली बिलों से उपभोक्ताओं में असमंजस, कांग्रेस ने उठाए सवाल
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्यूआर कोड किसी भी उत्पाद की पहचान और उसकी प्रामाणिकता का महत्वपूर्ण माध्यम होता है। उससे छेड़छाड़ न केवल कंपनी के कॉपीराइट का उल्लंघन है, बल्कि उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी भी है। मामले की जांच उपनिरीक्षक मारोती पवार के मार्गदर्शन में की जा रही है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। इमामवाडा पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़े -राकांपा अजित गुट के पूर्व महासचिव बृजमोहन श्रीवास्तव ने चुनाव आयोग को दी अर्जी, पत्राचार का अधिकार सिर्फ चार लोगों के पास
Created On :   8 July 2026 3:57 PM IST











