Nagpur News: शिक्षा का हाल, स्कूल में दो ही शिक्षक; एक छुट्टी पर, दूसरे के पास बीएलओ का भार

  • गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के दावे का सच हैरान करने वाला
  • बच्चे मध्याह्न भोजन रसोइए के भरोसेे, जिले में ऐसे 450 से अधिक स्कूल हैं

Nagpur News समीर पठान . जिला परिषद में शिक्षकों की कमी से शैक्षणिक कार्य प्रभावित हो रहा है। एक या दो शिक्षकों वाले स्कूलों में इसका असर साफ झलक रहा है। जिले में ऐसे 450 से अधिक स्कूल हैं। रामटेक तहसील मुख्यालय से चंद दूरी पर ऐसा ही एक स्कूल है, जहां दो ही शिक्षक हैं। एक छुट्टी पर है और दूसरा बीएलओ की ड्यूटी निभाने बाहर चला गया। स्कूल मध्याह्न भोजन रसोइए को भरोसे छोड़ दिया।

जैसा कि हमने देखा...4 अहम बातें

सोमवार को दोपहर साढ़े बारह से एक बजे का समय था। जिला परिषद प्राथमिक स्कूल दुधाला में विद्यार्थी कक्षा में शोर मचा रहे थे। एक अधेड़ उम्र की महिला उन्हें खामोश करने की नाकाम कोशिश कर रही थी।

कक्षा में शिक्षक नहीं रहने से बच्चे मौके का फायदा उठाकर जमकर मौज-मस्ती में मस्त थे। कक्षा के बाहर बच्चों के शोर की आवाज आ रही थी। इतने में कोई बाहर अाने की आहट होने पर महिला झट से कक्षा के बाहर आई।

विद्यार्थी संख्या के बारे में पूछने पर सटीक आंकड़ा 31 बताया। उसके तुरंत बाद पूरे विद्यार्थी उपस्थित नहीं है, यह सफाई भी दे डाली। स्कूल की इमारत के रख-रखाव के बारे में पूछने पर सब कुछ ठीक-ठाक बताया।

स्वच्छतागृह की बदहाली का हाल बताते हुए कहा कि लड़कियों का शौचालय जर्जर है। छत में दरारें पड़ी हैं। कब गिर जाएगी बता नहीं सकते। जान का खतरा है, इसलिए उसे बंद कर कबाड़ भरकर रखा है। लड़कों का शौचालय थोड़ा ठीक है, लेकिन नल में पानी नहीं आता। बाहर से पानी लेकर स्वच्छता करनी पड़ती है।

पांच कक्षा, दो कमरे : स्कूल में पांच कक्षाएं हैं। सभी कक्षा के मिलाकर 31 विद्यार्थी हैं। दो कमरों में पांचों कक्षा के विद्यार्थियों को बैठाया जाता है। बरामदे में एक कमरे के सामने शिक्षक का कक्ष और दूसरे कमरे के सामने छोटा कमरा है। उसी में नल कनेक्शन है। उसके पास पानी के ड्रम, मध्याह्न भोजन के बर्तन धोने के लिए सीमेंट का कटघरा बना रखा है। स्कूल की इमारत के दाहिने हाथ पर मध्याह्न भोजन का किचन है। उसकी छत से पानी टपकता है। उसी के बीच मध्याह्न भोजन सामग्री रखी है। हालांकि उसे रखने के लिए लोहे की कोटियां है। पानी टपकने से कमरे में नमी रहने पर मध्याह्न भोजन सामग्री खराब होने का खतरा बना हुआ है।

गिट्टी के बीच कसरत सामग्री : स्कूल के सामने खुली जगह है। वहां गिट्टी पड़ी है। उसी के बीच 2-3 कसरत की सामग्री है। वह भी टूटी-फूटी अवस्था में है। उसमें कसरत करते समय गिरने पर घायल होने का डर है।


Created On :   8 July 2026 4:11 PM IST

Tags

Next Story